मैनपुरी। जनपद में मच्छरों का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। जिससे कभी भी मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी फैल सकती है। स्वास्थ्य विभाग भी इसको लेकर चिंतित है, लेकिन विभाग ने अभी तक जो तैयारियां की हैं वो पर्याप्त नहीं हैं। जिससे जनपद में कभी भी मलेरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या दिखाई दे सकती है।
जनपद में अचानक बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। भले ही अभी मलेरिया के मरीज न निकल रहे हों लेकिन बुखार से पीड़ित 60 से 70 मरीज प्रतिदिन जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। जनपद में किसी भी समय मलेरिया का प्रकोप फैलने की संभावना है। विभाग इसे अभी गंभीरता से नहीं ले रहा है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो पता चलता है कि मई में मलेरिया के मरीज बढ़ते हैं और उसी हिसाब से विभाग तैयारियां कर रहा है। लेकिन जिस प्रकार से जनपद में मच्छरों की संख्या बढ़ी है उससे लग रहा है कि अप्रैल में ही मलेरिया रोग जनपद में हावी हो जाएगा।
विभाग का दावा मई से पहले हो जाएंगी व्यवस्थाएं
मैनपुरी। प्रभारी मलेरिया अधिकारी एसएन सिंह का कहना है कि मलेरिया विभाग मच्छरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सजग हो गया है। मच्छरों से बचाव के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त छिड़काव आदि की व्यवस्था के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। अप्रैल में सारी व्यवस्थाएं पूर्ण कर दी जाएंगी। छिड़काव आदि के लिए मशीनें मंगाई जा रही हैं।