मैनपुरी।
जिले में संक्रामक रोग के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की मौत हो गई। जिला अस्पताल में दो दर्जन से अधिक बुखार व डायरिया से पीड़ित मरीजों की भर्ती कराया गया।
अस्पताल की ओपीडी में 733 मरीजों ने पंजीकरण कराया। जिसमें से दो दर्जन मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। भोगांव क्षेत्र के गांव नगला लऊ निवासी सतीश चंद्र की 2 वर्षीय पुत्री जूली को बुखार से पीड़ित होने पर सोमवार को भर्ती कराया था। मंगलवार को उपचार के दौरान जूली की मौत हो गई।
विज्ञापन
वहीं थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रतनपुर निवासी राजवीर सिंह की 6 वर्ष की पुत्री प्रांशी को डायरिया की शिकायत होने पर रविवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान मंगलवार को प्रांशी की मौत हो गई।
सीएमओ डा. सीएम यादव ने बताया कि जिले में वायरल का प्रकोप देखते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए वो समय से केंद्र पर पहुंचकर मरीजों को उपचार दिलाएं। यदि पांच से अधिक मरीज कहीं मिलते हैं तो वहां टीम भेजकर उपचार दिलाया जाए।