आईजी डा. संजीव गुप्ता ने पुलिस को क्राइम कंट्रोल के लिए शक्ति के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा अपराध न हों इसके लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आईजी डा. गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की। कोतवाली कासगंज का निरीक्षण किया फिर पत्रकारों से वार्ता भी की।
उन्होंने समीक्षा बैठक में कहा कि विवेचनाओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हों। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की जाए। अवैध कार्य करने वाले लोगों पर शिकंजा सख्त हो। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए गंभीर होकर कार्य करने को कहा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान आईजी डा. गुप्ता ने कहा कि क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस मुस्तैद होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वाइड का पुन: गठन होगा। चिह्नित भूमाफियाओं पर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न बरतें।
कोतवाली कासगंज के निरीक्षण दौरान उन्होंने अभिलेखों का निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों की मैस में भी वे गए। मैस में काली दीवारें देखकर उन्होंने तत्काल पुताई कराने के निर्देश दिए। कोतवाली परिसर में खड़ी विभिन्न अपराधों से जुड़ी बाइकों के निस्तारण के भी उन्होंने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोतवाली के सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रहें। उसका रोज परीक्षण किया जाए। पुलिसकर्मी अपनी आमद और रवानगी में लापरवाही न बरतें। स्थानांतरण के बाद रिलिव न होने वाले पुलिसकर्मियों को रिलिव करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीओ कासगंज को सर्किल के सभी थानों के निरीक्षण कि निर्देश दिए। थाने के मुंशी समय सिंह को अभिलेखों के अच्छे रखरखाव पर एक हजार रुपये का नकद ईनाम दिया।