फिरोजाबाद। शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त होने के बाद समायोजित शिक्षकों ने रविवार को नगर विधायक मनीष असीजा के आवास का घेराव किया। नारेबाजी करते हुए समायोजित शिक्षकों ने नगर विधायक असीजा को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद मोटर साइकिल रैली निकालते हुए जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर पहुंचे।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षामित्रों के विपक्ष में फैसला सुनाए जाने के बाद से समायोजित शिक्षक तीन दिन से जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को नगर क्षेत्र के समायोजित शिक्षकों ने गांधी पार्क से मोटर साइकिल रैली निकाली। दर्जनों समायोजित शिक्षक नगर विधायक मनीष असीजा के आर्यनगर स्थित आवास का घेराव करने पहुंचे। उन्होंने नगर विधायक असीजा को ज्ञापन देते हुए समायोजित शिक्षकों ने नियावली में संसोधन कराकर समायोजित करने की मांग की। विधायक असीजा ने मुख्यमंत्री तक समायोजित शिक्षकों की समस्याओं को पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मोटर साइकिल रैली निकालकर मुख्यालय पर चल रहे धरना प्रदर्शन की ओर कूच किया। मुख्यालय पर समायोजित शिक्षकों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। आगामी दिनों की रणनीति बनाई गई।
पिछली सरकार की गलतियों का खामियाजा भुगत रहे शिक्षामित्र
फिरोजाबाद। नगर विधायक मनीष असीजा ने आवास पर पहुंचे शिक्षकों के सामने ही प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा राज प्रताप सिंह से बात की। उन्होंने कहा कि समायोजित शिक्षकों की समस्या का हल निकाला जा रहा है। असीजा ने आंदोलित शिक्षकों से कहा कि पिछली सरकार की गलतियों का खामियाजा समायोजित किए गए शिक्षा मित्रों को भुगतना पड़ रहा है। सरकार इस दिशा में गंभीर है और जल्द कोई हल निकलेगा।
शिक्षामित्रों का हो पुन: समायोजन
फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश यादव और महामंत्री सालिम शुजा अंसारी ने कहा कि शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त होने के कारण उनके आगे रोजी-रोटी की समस्या आ गई है। प्रदेश में 10 हजार विद्यालयों में ताला लटका हुआ है। उन्होंने सरकार से शिक्षामित्रों का पुन: समायोजन करने की मांग की।