मैनपुरी जिले में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 11 लोगों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भेजे हैं। इन सभी को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग किसी प्रकार की चूक नहीं करना चाहता। इसीलिए संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की तलाश जारी है। शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों से 11 लोगों को क्वारंटीन कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। बृहस्पतिवार को भेजे गए 11 नमूनों की जांच रिपोर्ट अब तक नहीं प्राप्त हो सकी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एके पांडेय ने जिले के लोगों से अपील की है कि बाहर से आने वाले लोग होम क्वारंटीन रहें। यदि किसी को खांसी, बुखार व जुकाम है तो उसकी जांच अवश्य कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उनके संपर्क में आने वाले लोग खुद ही जानकारी दे दें। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अपने स्तर से उनकी तलाश कर रहा है।