गोवर्धन/राधाकुंड (मथुरा)। श्री गिरिराज भक्त मंडल इंदौर से आए भक्तों ने दसवें फागोत्सव पर रविवार को गिरिराज जी की परिक्रमा करते हुए जमकर होली खेली। भक्तों ने रंग-गुलाल और पुष्पों की बरसात के बीच होली के गीतों पर नृत्य किया। आज बिरज में होरी रे रसिया, मेरो खोइ गयौ बाजूबंद रसिया होरी में... आदि गीतों की प्रस्तुति दी गई।
फागोत्सव में गोविंद कुंड पर गिरिराज जी की पीली पोशाक में शृंगार दर्शन के बीच छप्पन भोग लगाए। भजन संध्या में गायक अमित के निर्देशन में भजनों पर भक्तों ने खूब आनंद लिया। सत्य नारायण गुप्ता ने बताया कि फाल्गुन मास में प्रत्येक वर्ष इंदौर से भक्त ब्रज में होली मनाते हैं। परिक्रमा में 500 किलो प्राकृतिक गुलाल इंदौर से लाया गया, जिसे खास तौर में गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए अरारोट और फूल-पत्ती से तैयार किया गया। इस अवसर पर विनोद शर्मा, वीके माहेश्वरी, राम मखवाना, गौरव शर्मा, दिनेश चंद आदि थे।
राधाकुंड के प्राचीन मंदिरों में एवं राधाकुंड-श्यामकुंड के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान एवं दान किया। गिरिराज परिक्रमा लगाते हुए मंदिरों में दर्शन किए। राधा गोविंद देव मंदिर, प्राचीन राधारमण मंदिर, राधावल्लभ मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, साक्षी गोपाल मंदिर में जुगल जोड़ी सरकार के जयकारे गूंज उठे।