मथुरा। महानगर के आजमपुर इलाके की नागराज कालोनी में एक महिला की उसी के घर में बड़ी बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई। ईंट से सिर और चेहरे पर वार किए गए हैं। शव की हालत देखकर लगता है कि हत्यारा तब तक वार करता रहा जब तक महिला के प्राण नहीं निकल गए। महिला का शव घर के आंगन में चूल्हे के पास पड़ा मिला है। महिला तलाकशुदा थी और इकलौते बेटे के साथ यहां रहती थी। बेटा अपने नाना के घर गया हुआ था।
नागराज कालोनी में पार्वती (43) का शव गुरुवार की सुबह को आस पड़ोस के लोगों ने घर के आंगन में पड़ा देखा था। पास में ही खून से सनी ईंट भी पड़ी थी। माना जा रहा है कि इसी ईंट से सिर और चेहरे पर वार किए गए हैं। इसके अलावा शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं है। पुलिस का कहना है कि पार्वती का दस साल पहले पति देवेंद्र से तलाक हो गया था।
पार्वती तेरह साल के बेटे सुंदरम के साथ ही रहती थी। सुंदरम भी दो दिन से नाना के घर गया था। पार्वती ने भैंस पाल रखी हैं जिनका दूध बेचकर गुजर बसर करती थी। हत्या की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है। प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज ने बताया कि मां शकुंतला पत्नी बाबूलाल ने अज्ञातों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर, क्राइम सीन को देखकर लगता है कि बदमाशों ने वारदात को बड़ी तसल्ली के साथ अंजाम दिया है। महिला को शोर मचाने तक का मौका नहीं दिया गया। जिस मोहल्ले में वारदात हुई है वह घनी बस्ती है। लेकिन फिर भी बदमाश हत्या करके आसानी के साथ फरार हो गए।
नाना के पास था सुंदरम, मां की हत्या की सुन आया घर
मथुरा। पार्वती देवी का पने पति से करीब 10 साल पहले तलाक हो गया था। उसके बाद से वह 13 साल के बेटे सुंदरम के साथ ही रह रही थी। दो तीन भैंस पालकर दूध बेचकर गुजर बसर करती थी। दो दिन पहले वृंदावन के छटीकरा में महिला के पिता बाबूलाल की आंखों का ऑपरेशन हुआ था। इसके चलते सुंदरम नाना की सेवा के लिए चला गया। घटना वाले दिन महिला घर में अकेली थी।
हत्या के खुलासे में लगी हैं चार टीमें
मथुरा। महिला की बेरहमी से की गई हत्या के खुलासे के लिए एसएसपी बबलू कुमार ने चार टीमों को लगाया है। हाईवे थाना, सीआईडब्लू, स्वाट टीम और सर्विलांस की टीम खुलासे में जुट गई हैं। पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग तो लगे हैं, पर फिलहाल पुलिस कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। सूत्रों की मानें तो हाईवे पुलिस ने एक स्कूटी घर के पास से बरामद की है। इसके अलावा महिला के बहनोई को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है।