एटा। कस्बा निधौली कलां में कई दिनों से झोलाछापों के यहां फर्जी स्वास्थ्य टीमें छापा मारकर ठगी कर रही हैं, इसका खुलासा बुधवार को तब हुआ जब एक क्लीनिक संचालक ने स्वास्थ्य अधिकारियों से टीम भेजने की पुष्टि की। मगर ऐसी किसी भी टीम को भेजने से इंकार किया गया तो सत्यता सामने आई।
कस्बा निधौली में पिछले दिनों स्वास्थ्य टीम द्वारा शिकायतों के आधार पर छापा मारकर कार्रवाईयां की थी। मगर बुधवार को यहां पर फर्जी स्वास्थ्य टीम के लोग क्लीनिकों पर पहुंचकर झोलाछाप कार्रवाई नोडल अधिकारी के नाम से वसूली करने पहुंचे। क्लीनिक संचालक को शक हुआ तो उसने स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक परिचित के पास फोन करके सच्चाई जाननी चाही जिस पर नोडल अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने किसी भी टीम को भेजने से इंकार कर दिया और पकड़े गए लोगों को पुलिस के हवाले कर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी डा. आरएन गुप्ता ने बताया है कि मेरे पास फोन आया था और वसूली करने की जानकारी दी गई। इस पर मेरे द्वारा फर्जी स्वास्थ्य टीम होने की पुष्टि करते हुए पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मगर आगे की जानकारी नहीं है। इस मामले में निधौली कलां इंस्पेक्टर का कहना है कि हमारे यहां इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। अगर सूचना मिलती है तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।
कई दिन से चल रहा है ठगी का कार्य
कस्बा निधौली कलां में चर्चाएं हैं कि कुछ लोग मोटर साइकिलों पर आते हैं तो क्लीनिक संचालकों से कागज सत्यापन को मांगते हैं। इसके बाद ठगी का कार्य शुरू हो जाता है। ऐसा कई दिनों से कस्बा और आस पास के इलाके में चल रहा है।