एटा। बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे ग्रामीण को कैंटर ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे घायल हुए ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी तरफ कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव महाराजपुर निवासी यशपाल (50) पुत्र टीकाराम घर से सरौठ बाजार सामान खरीदने के लिए गए थे। सामान खरीदने के बाद वह पैदल घर लौट रहे थे। उसी समय सरौठ समीप ही कैंटर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे ग्रामीण सड़क पर गिरकर घायल हो गया। लोग उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी ग्रामीणों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, दूसरी तरफ दयाशंकर पुत्र हेतराम निवासी नगला गोकुल कोतवाली नगर अपनी पत्नी रानीदेवी एवं ललिता देवी पत्नी मुनीश के साथ बाइक से आगरा रोड स्थित देहात क्षेत्र के कमसान समीप से गुजर रहा था। उसी समय कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।