एटा। एक अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीद में पंजीकृत किसान ही अपना गेहूं बेच सकेंगे। गेहूं की बिक्री करने से पहले किसानों को आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले के 88 क्रय केंद्रों पर किसानों से गेहूं की खरीद की जाएगी। वहीं पिछले वर्षों की खरीद को देखते हुए शासन ने इस बार लक्ष्य में कमी कर दी है।
जिले में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद की जाएगी। इसके लिए किसानों को पहले सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद क्रय केंद्र पर पहुंचकर वे गेहूं की बिक्री कर पाएंगे। जिले में गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 88 क्रय केंद्रों पर 1735 रुपये प्रति कुुंतल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। साथ ही छनाई और उतराई के लिए 10 रुपये प्रति कुंतल का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। डीएम अमित किशोर ने विभागीय अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर अवस्थापना सुविधाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत स्टाफ, बैनर, बोरा, स्टेशनरी, धनराशि, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पंखा, छनना, नमीमापक यंत्र, कांटा बांट सत्यापन की व्यवस्था को परखा जा रहा है।
ऐसे बनाए गए क्रय केंद्र
एजेंसी क्रय केंद्र
खाद्य विभाग 06
यूपी स्टेट एग्रो 02
कर्मचारी कल्याण निगम 04
एफसीआई 01
यूपीपीसीयू 15
पीसीएफ 60
शासन ने कम किया लक्ष्य
पिछले वर्ष जिले को 86000 एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया था। जिसके सापेक्ष जिले में 50616 एमटी गेहूं की खरीद हो सकी थी। इसेे देखते हुए शासन ने अब तक जिले को 53700 एमटी का लक्ष्य प्रस्तावित किया है।
इनका कहना है
जिले में गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 88 क्रय केेंद्रों पर गेहूं 1735 रुपये प्रति कुंतल की दर से खरीदा जाएगा। किसान गेहूं की बिक्री के लिए पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करा लें।
प्रज्ञा शर्मा, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी