चार दिन पूर्व पटियाली में नौगंवा एवं चहका में ग्रामीणों और बदमाशों की मुठभेड़ में मारे गए शातिर राजकुमार का मामला क्षेत्र में गर्माता जा रहा है। इस मामले में मृतक राजकुमार की मां कमला देवी ने साफ कहा है कि उनके बेटे की किसी मुहठभेड़ में मौत नहीं हुई, उसकी रंजिश के चलते हत्या की गई है। मां ने कहा कि चाहे उसकी जमीन बिक जाए, परिणाम चाहे जो हो वह न्याय की लड़ाई लड़ेगी और पूर्व प्रधान व उनके परिवारीजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगी।
मुठभेड़ का मामला लगातार सवालों में घिरता जा रहा है। माँ के तल्ख तेवरो के बाद मामले को लेकर सरगर्मी भी बढने लगी है। गुरुवार को मां कमलादेवी ने कहा कि उसके बेटे पर जो भी मामले दर्ज थे उन सभी के पीछे रंजिश का कारण था। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान सत्यपाल से उसकी रंजिश चल रही थी। रंजिश के चलते ही पूर्व प्रधान व उसके परिवारीजनों ने राजकुमार की घेर कर हत्या की है। कमलादेवी ने बताया कि शीघ्र ही पुलिस में एफआईआर कराएंगी और पुलिस एफआईआर नहीं लिखेगी तो वह न्यायालय में जाएंगी और मानवाधिकार में भी मामले को ले जाएंगी। कमला देवी के साथ तमाम अन्य ग्रामीण भी जुडने लगे हैं। उनके रिश्तेदार भी उनके संघर्ष में फिलहाल उनका साथ दे रहे हैं। परिवार कानूनविदों से भी परामर्श कर रहा है।