आगरा। सीजेएम कविता मिश्रा ने एआरटीओ सहदेव पाल सिंह, सिपाही मंजीत, रुपेन्द्र और तीन अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस को दिया है। आरोप है कि इन्होंने ट्रक को रोककर उसके चालक से दस हजार रुपये वसूलने की कोशिश की।
उसने मना कर दिया तो ट्रक लेकर भाग गए। सामने से फारच्यूनर कार से आ रहे ट्रक मालिक पर ट्रक चढा़कर उनकी जान लेने की कोशिश की। मामला 16 जून का है। खेड़ा जाट निवासी ललित कुमार ने कोर्ट में श्किायत की थी।
आरोप है कि महुअर पुल पर एआरटीओ सहदेव पाल सिंह और पुलिसकर्मियों ने ट्रक रोका। चालक से दस हजार रुपये मांगे। उसने कहा कि सारे कागजात मौजूद हैं, फिर पैसे क्यों दूं? इस पर सिपाही मंजीत ने उससे ट्रक की चाभी छीन ली। ट्रक लेकर भाग गया।
ललित का कहना है कि चालक से फोन पर इसकी सूचना मिल गई थी। वह वहां आ रहे थे। उन्हें देख मंजीत ने उन पर ट्रक चढा़ने की कोशिश की। अगर वह पेड़ की आड़ लेकर खुद को न बचाते तो अनहोनी हो सकती थी।
निलंबित हो चुके हैं तीन सिपाही
हाल ही में रकाबगंज के तीन सिपाही शराब तस्कर से दो लाख रुपये की वसूली में नामजद किए गए हैं। इन्हें निलंबित किया जा चुका है। इनकी तलाश चल रही है। इस मामले में तीन और सिपाही बताए गए हैं। उनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं।
लूट भी कर चुके हैं पुलिसकर्मी
पिछले साल नोटबंदी के दौरान पंचकुइयां चौराहा पर सिपाहियों ने मथुरा के कारोबारी से चार लाख रुपये लूट लिए थे। काफी हंगामा हुआ था। सिपाहियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बाद में कारोबारी ने बयान बदल दिया था।