अवागढ़। प्रदेश सरकार के एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स के तहत रविवार को एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 100 बीघा सरकारी जमीन से कब्जा हटवाया। सरकारी जमीन पर दबंगों ने धान की फसल कुर्क कर रखी थी। एसडीएम ने प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है।
दरअसल, रविवार के अंक में अमर उजाला ने एंटी भूमाफिया की सुस्त कार्रवाई को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद क्षेत्र के गांव वीर नगर में कई सालों से प्रधान ने गांव के बाहर स्थित 100 बीघा तालाब पर कब्जा कर रखा था। जमीन पर दबंगों ने धान की फसल बो रखी थी। कब्जे की शिकायत ग्रामीणों ने डीएम से की थी। डीएम के आदेश के बाद रविवार को एसडीएम विजय कुमार, एसएचओ केके मिश्रा और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया। जमीन पर धान की फसल बोई गई थी। एसडीएम ने फसल की कुर्की करते हुए ग्राम प्रधान कमलेश यादव, पूर्व प्रधान और प्रधाप पति साहब सिंह, प्रधान पति के भाई सुरेश पुत्र राजपाल, रमेश पुत्र सरदार सिंह नगला छैया, सरनाम सिंह पुत्र कल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही पांचों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। एसडीएम विजय कुमार ने बताया कि फसल की नीलामी दिवाली के बाद की जाएगी। वहीं एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधान संरक्षक होते हैं। गांव में प्रधान ने ही कब्जा किया हुआ था। ऐसे में प्रधान को पद से बर्खास्त करने के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है।