उत्तर प्रदेश के कन्नौज में समाजवादी पार्टी के फ्रंटल संगठन मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व जिलाध्यक्ष के खिलाफ युवती का अपहरण कर गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस केस में उनके दो भाइयों के अलावा दो अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है। सदर कोतवाली पुलिस ने मामले की रिपोर्ट लिखने के बाद विवेचना शुरू कर दी है।
मामले को रफा दफा कराने के लिए भी प्रयास होते रहे लेकिन पीड़ित युवती ने किसी की एक न सुनी। उसने दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष की मंशा जताई।
गुरसहायगंज क्षेत्र के एक गांव की युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि कन्नौज शहर के मुहल्ला कटरा निवासी सपा नेता शोभित प्रताप सिंह, उनके भाई गौरव सिंह और सौरभ सिंह ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ 22 अप्रैल 2013 को उसे यह कहकर बुलाया कि भाई का एक्सीडेंट हो गया है। उसे देखने छिबरामऊ जाना है। इस पर वह छिबरामऊ पहुंची।
आरोप है कि छिबरामऊ में शोभित, गौरव, सौरभ और दोनो अपरिचितों ने अगवा कर उसे कार में डाल लिया और कटरा मुहल्ला स्थित अपने मकान पर ले गए। वहां सपा नेता और उसके दोनो भाइयों ने उसके साथ बलात्कार किया। किसी तरह वह उनके चंगुल से छूटकर कोतवाली पहुंची।
कोतवाली में युवती ने अपने परिजनों को भी बुला लेने के बाद एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने धारा 420, 363, 366, 376, 343, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा लिखकर विवेचना शुरू कर दी है।
युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया। आरोपियों के परिजनों का कहना है कि युवती ने शोभित से प्रेम विवाह किया है। मायके वालों के कहने पर झूठा मुकदमा लिखाया है।
गौरतलब है कि अप्रैल में भी युवती के गायब होने के बाद कई महीने तक यह मामला सुर्खियों में रहा था। खास बात यह है कि युवती के पिता भी सपा से जुड़े रहे हैं।
तब पुलिस ने मामला प्रेम प्रसंग का बताया था। प्रकरण गरमाने पर शोभित को यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।