लखनऊ। शबीह-ए-ताबूत जुलूस पर पथराव को लेकर बुधवार को हुए बवाल के संबंध में बाजार खाला व चौक पुलिस ने गुरुवार देर शाम तीन हजार से अधिक लोगों के खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें बाजार खाला कोतवाली के चार मुकदमों में धर्मगुरु यासूब अब्बास को नामजद किया गया है। धरपकड़ में जुटी पुलिस ने 23 संदिग्ध को पकड़ा गया। इनमें से चार को छोड़ दिया गया जबकि 19 से विभिन्न थानों में पूछताछ चल रही है।
एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि उपद्रव के सिलसिले में अब तक 23 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इंस्पेक्टर बाजार खाला नरेंद्र सिंह राणा व इंस्पेक्टर चौक इंद्र प्रकाश सिंह ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद बाजार खाला कोतवाली में 21 अन्य मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें एक अखबार के फोटोग्राफर बलराम गुप्ता ने अज्ञात लोगों पर गाड़ी तोड़ने व कैमरा लूटने की रिपोर्ट लिखाई। इसके अलावा होटल संचालक सिराज खान, उमेश चंद्र साहू, मो हनीफ, व्यवसायी मो. राफे, मो. आरिफ, मो इरफान, मो. अहमद, सुल्तान अहमद, शिवचरन गुप्ता, एहतशाम, मो. कय्यूम व बिजली विभाग के जेई जलीलुर्रहमान की पत्नी कैसर जबीं समेत 21 लोग शामिल हैं। आयुर्वेदिक कॉलेज के सामने दुकान चलाने वाले मो. अहमद समेत चार लोगों ने मौलाना यासूब अब्बास व उनके सहयोगियों को नामजद करने के साथ एक हजार लोगों पर बलवा, तोड़फोड़ आदि का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखाई है, जबकि बिल्लौचपुरा के एहतशाम ने मूसा मिर्जा व 12 अज्ञात लोगों पर दुकान में तोड़फोड़, लूटपाट आदि की रिपोर्ट लिखाई।
हालात सामान्य करने के लिए उपद्रवियों की तलाश में पुलिस की दर्जन भर टीमों ने चौक, बाजार खाला, सआदतगंज, ठाकुरगंज, वजीरगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दबिशें दीं। टीमों ने गुरुवार देरशाम तक 23 संदिग्धों को पकड़ा। इनमें से तीन को तहकीकात के बाद छोड़ दिया गया, जबकि आठ व्यक्ति बाजार खाला, दो सआदतगंज व नौ चौक पुलिस की हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ व तहकीकात चल रही है।
उपद्रवी चिह्नित करने में जुटी क्राइम ब्रांच
सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकार्डिंग व फोटो के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित करने का जिम्मा संभाले एएसपी क्राइम रवींद्र कुमार सिंह ने टीम की मदद से दर्जनों सीडी व फोटो खंगाले। इनमें उपद्रव करते नजर आ रहे 50 से अधिक लोगों के चेहरे छांटे हैं। इलाके के लोगों की मदद से उनकी पहचान कराई जा रही है। नाम व पते की जानकारी के साथ इनकी धरपकड़ करने के आदेश दिए गए हैं।