लखनऊ। 23 मई के बाद नगर में एक बार फिर अट्टहास सम्मान समारोह होने जा रहा है। 24 अगस्त को देश की प्रसिद्ध साहित्यिक संस्था ‘माध्यम’ की ओर से आयोजित समारोह में लखनऊ के चर्चित व्यंग्यकार उर्मिल कुमार थपलियाल को इस वर्ष का ‘अट्टहास शिखर सम्मान’ दिया जाएगा। जबकि लखनऊ के युवा व्यंग्य कवि मुकुल महान को अट्टहास युवा सम्मान से नवाजा जाएगा। यह जानकारी बुधवार को माध्यम के महामंत्री अनूप श्रीवास्तव ने दी।
उन्होंने बताया कि सम्मान को लेकर निर्णायक मंडल की बैठक हुई, जिसमें व्यंग्य आलोचक सुभाष चंदर, कथाकार बलराम, वरिष्ठ पत्रकार गुरुदेव नारायण और व्यंग्य लेखक आलोक शुक्ल के अलावा माध्यम के अध्यक्ष कप्तान सिंह, महामंत्री अनूप श्रीवास्तव व निर्णायक समिति के अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। बैठक में उर्मिल कुमार थपलियाल को अट्टहास शिखर सम्मान व युवा कवि मुकुल महान को अट्टहास युवा सम्मान देने का निर्णय लिया गया। समारोह 24 अगस्त को शाम 6 बजे कैसरबाग के राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में होगा। सम्मान में उर्मिल कुमार थपलियाल को 21 हजार रुपये और मुकुल महान को 51 सौ रुपये की पुरस्कार राशि से नवाजा जाएगा। इससे पहले सुबह 10 बजे जयशंकर प्रसाद सभागार में ‘व्यंग्य लेखन और चुनौतियां’ विषयक संगोष्ठी भी होगी। समारोह के बाद अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।