केंद्रीय विद्यालय अलीगंज के बच्चों को बंदरों के आतंक से बचाने के लिए लंगूर को चौकीदारी पर लगाया गया है।
इस लंगूर को पगार के रूप में 9 हजार रुपये मिलेगा। बताया जाता है कि करीब 50-60 बंदरों का दल स्कूल में जब तब आ धमकता था लेकिन लंगूर के आने के बाद से बंदरों का दल वहां से दूर ही रहता है।
वहीं, केवीएस लखनऊ रीजन कैंपस और यहां रिहाइशी कॉलोनी में रहने वाले लोगों को भी बंदरों के आतंक से निजात मिल गई है। दूसरी ओर चौकीदारी कर रहा लंगूर काफी दोस्ताना है और हाथ बढ़ाने पर गर्मजोशी से हाथ भी मिलाता है।
स्कूल के वाइस प्रिंसिपल एके भाटिया ने बताया कि लंगूर को करीब एक महीने पहले चौकीदारी पर लगाया गया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि स्कूल के साढ़े तीन हजार बच्चों की सुरक्षा का सवाल था।
कैंपस में बंदरों की टोलियों की धमा- चौकड़ी मचाने की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ गई थीं और स्कूल के पास इन्हें भगाने का कोई और विकल्प नहीं था। माना जाता है कि लंगूर को लाकर बंदरों की धमा-चौकड़ी से बचा जा सकता है।