लखनऊ के बंथरा में शनिवार रात एक युवक ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा। पिता ने बेटे के दोस्तों पर पीटने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी से क्षुब्ध होकर बेटे ने जान दी है।
पुलिस के मुताबिक, बंथरा बाजार निवासी अरविंद गौतम (25) ने शनिवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर घर के लोगों ने खिड़की से झांका।
पंखे के कुंडे से अरविंद का शव लटकते देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारने के साथ ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता दीनानाथ का आरोप है कि कस्बे के नागेंद्र, राजन सलीम ने किसी बात पर कहासुनी के बाद अरविंद को पीट दिया था। इससे नाराज अरविंद रिपोर्ट लिखाने की बात कह रहा था।
परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे शांत कराया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया था। पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।