लखनऊ (ब्यूरो)। अलीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह रिटायर्ड रेलकर्मी की हत्या करने पहुंचे आरोपी युवक को घरवालों ने दबोच लिया। पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के पास से एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
त्रिवेणी नगर तृतीय निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी रविशंकर शुक्ला के घर सुबह खदरा निवासी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी पहुंचा और बकाया छह लाख रुपये मांगने लगा। कहासुनी बढ़ते ही आरोपी ने रविशंकर के सिर से तमंचा सटा दिया। इस बीच पहुंचे बेटे ने पड़ोसियांे की मदद से आरोपी को दबोच लिया। एसओ अलीगंज तौफीक खान ने बताया कि दोनों पक्षों में रुपये के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। युवक रेलकर्मी की हत्या के इरादे से उसके घर आया था।
नौकरी दिलाने के नाम पर रकम हड़पने का आरोप
खदरा निवासी प्रेम प्रकाश के चचेरे भाई संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रविशंकर ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ माह पहले प्रेम से छह लाख रुपये लिए थे। समय बीतने के बाद जब काम नहीं हुुआ तो प्रेम ने पैसे वापस मांगे। इस पर रविशंकर टरकाने लगा। बीते मंगलवार की शाम रविशंकर ने रकम वापस देने की बात कही थी। इस पर वह उनके घर गया तो वह नहीं मिले। बुधवार को भी अपने पैसे मांगने गया था। लेकिन रविशंकर के घर वालों ने पीटने के साथ झुठा आरोप लगा फंसा दिया। पुलिस ने भी उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।