लखनऊ। पीजीआई थाने की पुलिस ने पार्क-स्मारकों में नौकरी का झांसा दे छह दलित बेरोजगारों से 22 लाख की ठगी के आरोपी दंपती को गिरफ्तार किया है। जालसाजी में शामिल साले की तलाश की जा रही है। नौकरी न दिला पाने पर जालसाजों ने बेरोजगारों को फर्जी चेक थमाए। इसके बाद तगादे पर उन्हें धमका रहे थे।
सीओ कैंट बबिता सिंह ने बताया कि उन्नाव के अचलगंज थाने के गांव पड़री खुर्द के सुनील कुमार समेत छह बेरोजगारों से 22 लाख की ठगी के आरोप में पीजीआई थाने के उतरेठिया निवासी आनंद दीक्षित व उसकी पत्नी लक्ष्मी दीक्षित को गिरफ्तार किया गया है। जालसाजी में शामिल राजाजीपुरम के सी-ब्लॉक निवासी लक्ष्मी के भाई प्रदीप शुक्ला की तलाश में भी दबिश दी जा रही हैं। आरोप है कि वर्ष 2010 में स्मारकों/ संग्राहलयों/ संस्थाओं/ पार्कों/ उपवनों आदि के प्रबंधन सुरक्षा एवं अनुरक्षण समिति के विभिन्न पदों के लिए निकली भर्ती में आनंद दीक्षित ने एक मंत्री से नजदीकी बताकर सुनील को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आनंद के संपर्कों से प्रभावित सुनील ने अपनी व अपने भाई सुशील कुमार सरोज व कुछ रिश्तेदारों की नौकरी के लिए उसे 22 लाख रुपये दे दिए। भर्ती में नाम न आने पर रकम का तगादा किया। काफी समय तक टालमटोल के बाद आनंद, उसकी पत्नी लक्ष्मी व साले प्रदीप शुक्ला ने ठगी का शिकार बने निर्मल कुमार को 23 मार्च को एक लाख, मोतीलाल को उनके प्रतिष्ठान अमरदीप इंटरप्राइजेज के नाम डेढ़ लाख, सुशील कुमार को साढ़े तीन लाख के चेक दिए। खाते में रकम न होने पर देना बैंक की उतरेठिया शाखा ने सभी चेक लौटा दिए। ठगी का शिकार बने बेरोजगारों के तगादा करने पर आनंद, लक्ष्मी व प्रदीप ने उन्हें जातिसूचक गालियां देने के साथ धमकी देकर भगा दिया। इस पर छह बेरोजगारों ने 18 अप्रैल को पीजीआई थाने में शिकायत की थी। जालसाजी, अमानत में खयानत, धमकी व दलित उत्पीड़न आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके तफ्तीश सीओ कैंट को सौंपी गई थी।