लखनऊ विश्वविद्यालय में बीए में दाखिले के लिए बृहस्पतिवार को चयनित अभ्यर्थियों की पहली सूची जारी कर दी गई। इस कोर्स में भी लविवि के कटऑफ ने पिछले वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है।
एलएलबी ऑनर्स में 100 का आंकड़ा छूने के बाद बीए में ये 98 तक पहुंच गया। यहां भी यूपी बोर्ड के मेधावी आगे रहे हैं।
सबसे ऊपर रहे गजल सिंह के यूपी बोर्ड इंटर में 95.2 प्रतिशत अंक हैं, जबकि नॉर्मलाइजेशन फॉर्मूले के बाद विवि द्वारा बनाए गए फाइनल इंडेक्स में इनकी मेरिट 98.347 प्रतिशत हो गई।
बीए सोशल वर्क, बीए पुलिस साइंस और बीए रूरल डवेलपमेंट कोर्स के लिए भी चयनित अभ्यर्थियों की पहली सूची जारी कर दी गई है।
लविवि में बीए की कुल 1410 सीटें हैं। इनमें दाखिले के लिए बृहस्पतिवार को जारी पहली सूची में करीब 850 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। यूपी बोर्ड के गजल सिंह यहां आगे रहे हैं। वहीं आईएससी में 97 प्रतिशत मार्क्स पाने वाली शिवानी गुप्ता ओबीसी वर्ग में टॉप पर रही हैं।
इनका फाइनल इंडेक्स 98.178 प्रतिशत रहा है। लविवि के बीए कोर्स में यूपी बोर्ड के छात्रों ने काफी रुचि दिखाई है।
आलम ये है कि चयनित अभ्यर्थियों की पहली सूची में टॉप 50 में जगह पाने वालों में यूपी बोर्ड के स्टूडेंट्स ही शामिल हैं जबकि छह आईएससी और छह ही सीबीएसई के स्टूडेंट्स हैं।
भाषाई विषयों का क्रेज
पहली चयनित सूची में शामिल अभ्यर्थियों ने इस बार भाषाई विषयों में काफी रुचि दिखाई है। टॉप पर रहे गजल सिंह ने अंग्रेजी को अपने तीसरे विषय के तौर पर चुना। प्रो. खरे की मानें तो अभ्यर्थी अंग्रेजी के साथ हिंदी, पॉलीटिकल साइंस और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में भी काफी रुचि दिखा रहे हैं।
16 तक करें रिपोर्ट
लविवि प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची को विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। प्रो. खरे ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में एडमिशन फीस जमा करानी होगी।
निर्धारित समय-सीमा में फीस जमा करने वाले अभ्यर्थी 15 जुलाई को एडमिशन वेबसाइट से अलॉटमेंट लेटर प्राप्त कर सकेंगे। अलॉटमेंट लेटर के साथ अन्य दस्तावेज लेकर 16 जुलाई को संबंधित डीन कार्यालय में संपर्क करना होगा।
कई अन्य स्ट्रीम के कट ऑफ भी जारी
बीए में सोशल वर्क, पुलिस साइंस और रूरल डवेलपमेंट वर्ग की 60 सेल्फ फाइनेंस सीटों पर दाखिले के लिए भी चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
इस सूची में करीब 42 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसमें टॉप पर रहे प्रवीण कुमार सिंह का फाइनल इंडेक्स 90.707 रहा है। ओबीसी वर्ग में रिजवान अंसारी (80.785) और एससी में आदित्य प्रताप सिंह (77.893) आगे रहे हैं। सामान्य वर्ग का कट ऑफ 90.707 से 61.57, ओबीसी का 80.785 से 62.81 और एससी का 77.893 से 63.017 रहा है।