लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइसेंज के कोर्सेज को बचाने की कोशिशें रंग ला रही हैं। छात्र बटोरने के लिए आयोजित दूसरी काउंसलिंग के बाद 193 सीटों पर दाखिले हो गए हैं। इससे कई पाठ्यक्रमों पर मंडराने वाले संकट के बादल दूर हो गए हैं। उधर, खाली रह गईं करीब 127 सीटों पर दाखिले के लिए तीसरे चरण की काउंसलिंग की भी तैयारी है।
लविवि के व्यापार प्रबंधन विभाग में एमबीए रेगुलर और सेल्फ ाइनेंस कोर्स चलाए जाते हैं। साथ ही, आईएमएस के तहत विभिन्न स्ट्रीम में सात अन्य प्रबंधन पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं। हर कोर्स में 60 के हिसाब से 420 सीटें हैं। लविवि प्रशासन ने सत्र 2013-14 में इन सीटों पर दाखिले के लिए जून के दूसरे सप्ताह में दो दिवसीय काउंसलिंग का आयोजन किया था लेकिन इसमें छात्रों ने ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। 420 में से सिर्फ 100 सीटों पर ही एडमिशन हेा पाए। इसके बाद प्रवेश परीक्षा का आयोजन कर विवि प्रशासन द्वारा दोबारा काउंसलिंग का शिड्यूल बनाया गया। दूसरे चरण की काउंसलिंग बुधवार से शुरू हुई। पहले दिन ओपन मेन मेरिट के आधार पर 120 सीटों पर दाखिले हुए। वहीं, दूसरे दिन बृहस्पतिवार को एससी/एसटी व ओबीसी समेत सभी छूटे हुए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इस दो दिवसीय काउंसलिंग के बाद 320 में से भी 127 सीटें खाली रह गई हैं जिसमें सर्वाधिक 48 सीटें कॉरपोरेट मैनेजमेंट, 38 सीटें रिटेल मैनेजमेंट और 36 सीटें मैनेजमेंट साइंस में खाली रह गई हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज के ओएसडी प्रो. अरविंद मोहन ने बताया कि इन खाली सीटों पर दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को एक और मौका देने की तैयारी है। प्रवेश परीक्षा में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को 15 जुलाई को फिर काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा।
एमबीए कोर्सेज का हाल
कोर्स कुल सीटें उपलब्ध सीटें
एमबीए (फाइनेंस एंड कंट्रोल) 60 00
एमबीए (एचआर एंड आईआर) 60 00
एमबीए (आईबी) 60 04
एमबीए (मार्केटिंग) 60 01
एमबीए (मैनेजमेंट साइंसेज) 60 36
एमबीए (रिटेल मैनेजमेंट) 60 38
एमबीए (कॉरपोरेट मैनेजमेंट) 60 48