लखनऊ। पीडब्ल्यूडी पालीटेक्निक चौराहे के सुधारीकरण को भूल गया है। राजकीय पालीटेक्निक की कुछ जमीन लेकर यहां चौराहे को बेहतर किया जाना था, ताकि यहां जाम न लगे। मगर अब तक न तो पीडब्ल्यूडी ने जमीन लेने में कोई खास गंभीरता दिखाई है और न ही कोई काम शुरू किया गया है। अब अधिकारियों का कहना है कि, बहुत जल्द ही चौराहे का काम शुरू करवाया जाएगा। फैजाबाद रोड स्थित राजकीय पालीटेक्निक चौराहे जाम की समस्या लंबे समय से आम है। इसको लेकर जनवरी में लोक निर्माण विभाग ने केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) की सिफारिशों के आधार पर इसका सुधारीकरण शुरू करवाया था। मगर कुछ दिनों बाद इस काम को बंद कर दिया गया था, तबसे यह काम दोबारा नहीं शुरू किया गया।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के भ्रम से रुका था काम
पालीटेक्निक चौराहे के चौड़ीकरण में पीडबल्यूडी के अधिकारी भ्रमित हो गए थे। इस चौराहे का चौड़ीकरण शुरू कर दिया गया था। इस वजह से यहां जाम लगने लगा था। दरअसल इस चौड़ीकरण से पहले विभाग को अतिरिक्त जमीन जुटानी थी। बाद में योजना बनाई गई कि सबसे पहले फैजाबाद रोड के राजकीय पालीटेक्निक की भूमि चौराहे के लिए ली जाएगी। इसके बाद उस भूमि पर सड़क बना कर वहां वाहनों के निकलने का स्थान दिया जाएगा। इसके बाद में चौड़ीकरण शुरू करेंगे। उम्मीद थी कि, पालीटेक्निक की भूमि इस सरकारी काम के लिए मिल जाएगी। मगर अब तक इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हो सका, इसलिए चौराहे का सुधारीकरण भी शुरू नहीं किया गया है। जिससे जाम की समस्या यहां से खत्म नहीं हो रही है।
पहले भी फेल हुआ सीआरआरआई
कई जगह सीआरआरआई की सिफारिशें चौराहों के मामलों में फेल हुई हैं। इससे पहले एलडीए ने भी शहर भर की सड़क और चौराहों के विकास के लिए एक सर्वे करवाया था। सड़क पर फुटपाथों को चौड़े की जगह पतला कर के ऊंचा करने का प्रस्ताव तो खासा कामयाब रहा है। मगर गोल चक्करों को और चौड़ा करने के मामले में कामयाबी नहीं मिली। इससे जाम ज्यादा लगने लगा। चौक चौराहे पर ऐसी परेशानी सामने आने के बाद यह काम बंद करा दिया गया। इसी तरह से पालीटेक्निक गोल चक्कर को और चौड़ा करने की सिफारिश भी जानकारों के गले नहीं उतर रही है। समतामूलक चौक के बड़े गोल चक्कर पर होने वाली दुघर्टनाएं और सामने आने वाली परेशानियां भी इसकी एक बानगी हैं। इसके साथ ही इंदिरा नगर में नीलगिरी के नजदीक स्थित फैजाबाद रोड का चौराहा और मुंशी पुलिया का चौराहा सभी सीआरआरआई की सलाह पर ही बनाए गए हैं। मगर हर जगह जाम से निजात नहीं मिल सकी। यह बात दीगर है कि, जाम और अधिक बढ़ता गया। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी सीआरआरआई के कहने पर चौराहे को चौड़ा करने पर अड़ा है।
कोट
बहुत जल्द ही पालीटेक्निक से जमीन मिल जाएगी। जिसके बाद में चौराहे का सुधार कार्य के लिए निर्माण का आगाज होगा। मगर अभी यह नहीं बताया जा सकता कि, कितना समय इसमें लगेगा।
धर्मराज यादव, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
लाल बहादुर शास्त्री चौराहे का जीर्णोद्धार
लखनऊ। पीडब्ल्यूडी ने डालीगंज में लिंब सेंटर के सामने स्थित लाल बहादुर शास्त्री चौराहे के जीर्णोद्धार का आगाज कर दिया है। इस चौराहे की जालियां चोरी होने पर पिछले दिनों नगर विकास मंत्री आजम खान ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। जिसके बाद में पीडब्लयूडी ने न केवल नई जालियों को लगवाने का काम शुरू करवाया है, वहीं दूसरी ओर रंगाई भी करवाई जा रही है।