लखनऊ। राजधानी में पुलिस की उदासीन कार्यशैली के चलते चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ चोरों ने दो अलग-अलग जगहों पर चार दुकानों का ताला तोड़कर नगदी व लाखों का माल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व डॉग स्क्वाएड ने घटना की छानबीन की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, चौक क्षेत्र के रकाबगंज में पवन गुप्ता का कांप्लेक्स है। इसमें बीती देर रात चोरों ने अर्जुन इंटरप्राइजेज की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 38400 की नगदी व दुकान में रखा सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चोर अंकित ट्रेडर्स की दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन वहां नगदी न मिलने पर भाग निकले। पीड़ित दुकानदार जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के ताले टूटे मिले। दोनों दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर बाद पहुंचे डॉग स्क्वॉयड व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ ने मौका मुआयना किया। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, पीजीआई क्षेत्र के उतरठिया में वीरेंद्र सिंह का मेडिकल स्टोर है। देर रात बेखौफ चोर मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर कलर टीवी, आठ सौ रुपए नगद व दवाइयां ले गए। सुबह वीरेंद्र दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा था। वहीं, कुम्हार मंडी तेलीबाग में अजय चौहान का शराब का ठेका है। बीती रात चोरोें ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 40 हजार रुपए नगद व 30 हजार रुपए की शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। सुबह ताला टूटा देख लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।