लखनऊ। लालबाग के बाद अब कानपुर रोड स्थित फीनिक्स मॉल के पास अवैध पार्किंग स्टैंड पकड़ा गया है। यह पार्किंग स्टैंड पुलिस चौकी के पास ही चलाया जा रहा था। नगर आयुक्त को मिली शिकायत के बाद नगर निगम की टीम ने रविवार को मौके पर जाकर छापा मारा और अवैध पार्किंग स्टैंड पकड़ा। टीम ने मौके से अवैध कूपन भी बरामद किए। इस मामले में नगर निगम की ओर से कृष्णा नगर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
जोन-5 के जोनल अधिकारी सूरज सिंह ने बताया कि फीनिक्स मॉल के पास पार्किंग स्टैंड का ठेका है लेकिन पार्किंग स्थल के अलावा भी कुछ लोग पुलिस चौकी के पास पार्किंग स्टैंड चला रहे थे। अवैध पार्किंग की शिकायत मिलने पर जब छापा मारा गया तो शिकायत सही पाई गई। मौके पर करीब 50 चार पहिया और 100 दो पहिया वाहन खड़े थे। पार्किंग लगवाने वालों से कूपन भी बरामद किए गए हैं। जो कर्मचारी कूपन लगा रहे थे वे टीम को देखते ही भाग गए। इसके चलते नगर निगम टीम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अधिकारियों के मुताबिक शिकायत मिली है कि फीनिक्स मॅाल के बाहर का पार्किंग का ठेका लेने वाला ठेकेदार ही अवैध पार्किंग करा रहा है। यदि शिकायत मिली तो उसका ठेका निरस्त कर दिया जाएगा।