लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल जहां दलालों पर नकेल लगाने की कोशिश कर रहा है, वहीं सेंट्रल रेलवे (मुंबई) के अधिकारी चौथे दिन सोमवार को भी तत्काल टिकटों के धंधेबाजों को काबू में नहीं कर सके। इससे 18 जून को गोरखपुर से संचालित होने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस की ज्यादातर तत्काल की बर्थों पर एक बार फिर दलालों ने कब्जा जमा लिया। इस ट्रेन में तत्काल की 344 बर्थ में से 278 के टिकट 17 जून को मुंबई से बुक कराए गए हैं और इन्हें ट्रेनों के जरिए लखनऊ, गोंडा, बस्ती, मनकापुर व गोरखपुर भेजा जा रहा है। उधर, रेलवे की तीन टीमों ने रविवार देर रात और सोमवार सुबह छापा मारकर उन 36 यात्रियों को पकड़ा, जिन्होंने दलालों से टिकट कराए थे। इनमें स्लीपर श्रेणी में सफर करने वाले कई यात्रियों के पास ऐसे भी ई टिकट मिले, जिनमें छेड़छाड़ करके बर्थ नंबर व नाम दर्ज किए गए थे। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राधेश्याम के निर्देश पर चौथे दिन भी अभियान चलाया गया। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि तीन टीमों ने रविवार देर रात कुशीनगर एक्सप्रेस में छापा मारा। इस दौरान एसी श्रेणी में सभी यात्रियों के पास टिकट मिले, जबकि स्लीपर श्रेणी में 14 यात्री ऐसे मिले, जिन्हें गोंडा, मनकापुर व बस्ती में टिकट मिलने थे। इसके बाद सोमवार सुबह 3:50 बजे टीम ने गोरखपुर-एलटीटी में छापा मारा। इस दौरान थर्ड एसी में सात यात्री ऐसे मिले, जिन्हें दलाल टिकट नहीं पहुंचा पाए थे। वहीं, स्लीपर में 15 यात्रियों के पास टिकट नहीं था। छापे में कुछ यात्रियों के पास ऐसे ई टिकट मिले, जिसके फॉर्मेट में छेड़छाड़ की गई थी। पूर्वोत्तर रेलवे की टीमों में अन्य ट्रेनाें में भी चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 160 यात्री पकड़े गए। इनमें से अधिकतर अनारक्षित टिकट लेकर आरक्षित श्रेणी में सफर कर रहे थे। रेलवे ने इनसे जुर्माना वसूला।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल डीआरएम ने मुंबई की बात ः पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम विनोद कुमार यादव ने तत्काल टिकटों के गोरखधंधे पर नकेल न लगने पर मुंबई के रेलवे अफसरों से बातचीत की है। उन्होंने मुंबई डीआरएम व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए इस पर रोक लगाने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। हर कीमत पर दलालों का सिंडीकेट तोड़ कर रहेंगे।
दलालों की पसंदीदा बनी कुशीनगर एक्सप्रेस ः कुशीनगर एक्सप्रेस (11016) मुंबई के दलालों की पसंदीदा ट्रेन बन गई है। 17 जून को भी दलालों ने इसी ट्रेन के तत्काल के 278 टिकट निकाले। लगातार चौथे दिन भी दलालों की इस करतूत को देख लखनऊ के अफसर भौचक्के रह गए। इससे पहले दलालों ने 15 जून को तत्काल के 344 टिकटों में 319 टिकट और 16 जून को 344 में से 268 तत्काल के टिकट निकाले थे।