लखनऊ। कानपुर से लखनऊ होकर बाराबंकी जा रही मेमू के दो पहिए रविवार को जुग्गौर स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। ट्रेन की गति धीमी होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है लेकिन इंजन से दूसरे कोच में सवार यात्री चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल में हड़कंप मच गया। अधिकारियाें ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना ग्रस्त कोच को हटवाकर बाराबंकी भिजवाया। वहीं पूरी घटना के जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि एकदम से झटका लगा और लोग सीट से नीचे गिर गए। बोगी करीब सौ मीटर तक रंगड़ते चली गई। वही ड्राइवर के मुताबिक इंजन से साड़ टकरा गया था, इससे कोच पटरी से उतरा गया।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्री घनश्याम ने बताया कि वह कानपुर से परीक्षा देकर लौट रहे थे। ट्रेन के बाराबंकी पहुंचने से पहले ही जुग्गौर स्टेशन के पास कोच के दो पहिए उतर गए। कोच उतरते ही यात्री चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गये। मेमू में सवार यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों का उतार दिया। मौके पर पहुंचे उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी ने क्षतिग्रस्त कोच को हटवाया। अधिकारियों के मुताबिक घटना की जांच करवाई जाएगी। वहीं दुर्घटना के चलते गोरखपुर जा रही अवध आसाम एक्सप्रेस चारबाग स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। जबकि फैजाबाद पैसेंजर और पुणे गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन तीस मिनट से सवा घंटे तक प्रभावित रहा।