लखनऊ। शहर में मुख्य मार्गों की बदहाली से परेशान स्थानीय लोगों की नाराजगी अब प्रशासन के लिए चिंता का सबब बनने लगी है। खोदाई के बाद दुर्घटनाओं का कारण बन रही सड़क बनवाने के लिए लोग बेकाबू होने लगे हैं। बाजारखाला में लगातार हो रहे प्रदर्शनों से पुलिस को कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। हालात को देखते हुए पुलिस ने संबंधित विभागों से सड़क निर्माण कराने के लिए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पुलिस की रिपोर्ट पर हरकत में आए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब किया है। मंगलवार को जल संस्थान, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारियों को एडीएम सिटी ने पत्र भेजा और सड़क निर्माण में होने वाली दिक्कत की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए बैठक बुलाई है। सड़क निर्माण में विलंब की बड़ी वजह विभागीय समन्वय की कमी बताई जा है। सूत्रों के मुताबिक पानी की पाइप लाइन डालने के लिए एक विभाग ने खोदाई कराई और सड़क का निर्माण दूसरे विभाग को कराना है। निर्माण कार्य को लेकर विभागों की प्राथमिकताएं अलग-अलग होने से विलंब हो रहा हैै। एडीएम सिटी एसपी शाही के मुताबिक संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द सड़क का निर्माण कराया जाएगा। अगर कोई दिक्कत होगी तो उसका समाधान निकाला जाएगा।
रोज परेशान होते हैं हजारों लोग
रोज हजारों लोगों के आवागमन में परेशानी बनी सड़क बुलाकी अड्डा तिराहा से टिकैतराय तालाब के बीच की है। इस रोड पर सुबह से रात तक यातायात का भारी दबाव रहता है। उक्त सड़क राजाजीपुरम कॉलोनी व मोहान रोड से आने व जाने वाला का मुख्य रास्ता है। यातायात के दबाव के लिहाज से पहले से संकरी सड़क को गत दिसंबर माह में पाइप डालने के लिए करीब दो सौ मीटर तक खोदा गया था। वह सड़क अभी तक सामान्य यातायात के लायक नहीं हो पाई। कई बार विरोध प्रदर्शन व हंगामे के बावजूद केवल बड़े गड्ढे ही भरे गए थे।
चार माह से हो रहे प्रदर्शन, हुए कई हादसे
एक पखवारा पूर्व ऊबड़ खाबड़ रोड से गुजरने के दौरान अनियंत्रित होकर एक ट्रक मकान से जा टकराया। गनीमत रही कि मजबूत पिलर ने मकान की दीवार को ढहने से बचा लिया। बुलाकी अड्डा व्यापार मंडल के अध्यक्ष नजमी ने बताया कि पिलर न होता तो मकान में मौजूद लोगों का बचना मुश्किल हो जाता। इसी तरह जनवरी में एक बाइक सवार गड्ढे में गिर गया था। खुले गड्ढे में पाइपलाइन फटने से पूरे इलाके में पानी भर गया था। आए दिन होने वाली ऐसी परेशानी के चलते व्यापार मंडल के सदस्य व स्थानीय लोग चार बार सड़क जाम कर प्रदर्शन कर चुके हैं।