लखनऊ। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) जेईई मेन देेने वाले अभ्यर्थियों को उनकी ओएमआर शीट की कॉपी उपलब्ध कराएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने सूचना के अधिकार के अंतर्गत ओएमआर शीट के लिए आवेदन किया है, उन्हें भी शुल्क जमा कर नए सिरे से आवेदन करना होगा। पिछले दिनों अभ्यर्थियों द्वारा गलत मूल्यांकन की शिकायत के बाद यह निर्णय लिया गया है।
सीबएसई के संयुक्त सचिव राजबीर सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को ओएमआर (ऑप्टिकल मार्क रीडिंग) शीट के साथ जेईई मेन की आंसर की और कैलकुलेशन शीट भी उपलब्ध कराएगी। अभ्यर्थी को सचिव, सीबीएसई के नाम 500 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट के साथ अपना प्रत्यावेदन भेजना होगा। इसके लिए 15 जून आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। आंसर की, ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट अभ्यर्थी को स्पीड पोस्ट के जरिए उसके पते पर उपलब्ध कराई जाएगी। सीबीएसई ने साफ किया है कि आंसर की, ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट किसी भी स्थिति में स्कूल या संस्थान को व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। जेईई मेन का रिजल्ट 7 मई को जारी हुआ था। इसमें सफल होने वाले 1.50 लाख रैंक तक के अभ्यर्थी आईआईटी में प्रवेश के लिए होने वाले जेईई एडवांस्ड में शामिल होंगे।