लखनऊ। इंडिगो एयर लाइंस से इलाज के लिए दिल्ली जा रहे यात्री की मौत बीमारी के कारण विमान में हो गई। उड़ान भरने के लिए तैयार विमान को फिर से टैक्सी एरिया में लाया गया, जहां यात्री के शव को उतारने के बाद विमान टेक ऑफ हो सका। हालांकि इस पूरी प्रकिया में विमान अपने निर्धारित समय से करीब 25 मिनट विलंब से उड़ान भर सका। वहीं एयरलाइंस ने विमान के भीतर किसी भी यात्री की मौत से इन्कार किया है। जबकि इलाज के लिए दिल्ली जा रहे परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव लेकर अपने गृह जनपद सिद्धार्थ नगर लेकर चले गए।
एयरलाइंस के मुताबिक महिला यात्री आसिया खान (43) को परिजन बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे। उसका इलाज लखनऊ के सहारा अस्पताल में चल रहा था। यात्री को विमान (6ई 445) में बैठाया गया और विमान रन वे तक गया ही था तभी आसिया की तबीयत और बिगड़ गई। उसे विमान से उतारा जाता, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।