लखनऊ। चिनहट के फैजाबाद रोड पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने फुटपाथ पर सो रहे दो मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही दूसरे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से बहराइच के बउड़ी ठठेरवां निवासी रामकुमार वर्मा (35) चिनहट तिराहे पर किराए के मकान में पत्नी चंदवासा व तीन बेटियों रेखा, गणेशी व प्रेमलता के साथ रहता था। मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाला रामकुमार शुक्रवार रात बिजली न आने के चलते फैजाबाद रोड स्थित सेवा अस्पताल के सामने सर्विस रोड के फुटपाथ पर सो गया। साथ में बहराइच निवासी राहुल मिश्र (16) सो रहा था। शनिवार तड़के तकरीबन तीन बजे बाराबंकी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने फुटपाथ पर सो रहे दोनों युवकों को रौंद दिया। राहगीरों की सूचना पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने रामकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, मजदूर रामकुमार वर्मा की मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी चंदवासा बेसुध होकर गिर पड़ी। तीनों बेटियों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर चिनहट विजय मल्ल यादव के अनुसार मृतक के भतीजे धर्मपाल वर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।