फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कूड़े के ढेर में फेंक दीं लाखों की दवाएं

Mon, 29 Apr 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। इंदिरानगर के सेक्टर-14 में एक स्कूल के पीछे दो अज्ञात लोग लाखों रुपए की दवाएं फेंककर भाग निकले। ब्रांडेड बैगों में रखीं इन दवाओं में कई किट बैग भी शामिल थे। कूड़े में ब्रांडेड बैग पड़े होने की खबर सुनकर पहुंची स्थानीय महिलाओं ने इन्हें खंगाला तो दवाएं निकलीं। इसके बाद महिलाएं बैग लेकर चली गईं, जबकि बाद में कूड़ा बीनने वाले सभी दवाएं उठा ले गए। मामले को लेकर क्षेत्र में हलचल रही। इंदिरा नगर के सेक्टर-14 में रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पीछे पार्क है। रविवार सुबह 11.30 बजे कार सवार दो व्यक्ति आए और दो बड़े-बड़े काले बैग पार्क के पास कूड़ाघर में फेंककर निकल गए। स्थानीय लोगों ने जब दो ब्रांडेड बैग कूड़े के ढेर में देखा तो कौतूहल जगा। धीरे-धीरे पूरे मोहल्ले में कूड़े के ढेर में बैग पड़े होने की सूचना फैल गई। इस बीच, वहां पहुंची स्थानीय महिलाओं ने बैग खोलकर देखा तो उसमें दवाएं और इंजेक्शन भरे हुए थे। इस पर उन्होंने दवाओं को बाहर निकालकर फेंक दिया और बैग लेकर चली गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैग में दवाओं के किट बैग भी थे। इन किट बैग को भी लेकर लोग चले गए। उधर, कूड़े के ढेर में पड़ी दवाएं बॉयोकॉन कंपनी की बताई जा रही हैं। इनमें सिरींज और दवाओं के पर्चे भी थेे। इंजेक्शन पर मैन्युफैक्चरिंग डेट 2012 और एक्सपायरी डेट 2016 पड़ी थी।
विज्ञापन

नहीं होती कार्रवाई ः इससे पहले भी राजधानी में कई बार दवाएं खुले में फेंकी गईं, लेकिन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। न तो एफडीए ने कोई कदम उठाया और न ही स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। 16 जून 2012 को कुकरैल पिकनिक स्पॉट के जंगल में कफ सिरप, विटामिन की गोलियां, त्वचा रोग की दवाएं फेंकी गईं थीं। लगभग आधा दर्जन दवाएं ऐसी थीं, जो एक्सपायर्ड नहीं थीं। वहीं, 11 तरह की एक्सपायर्ड सिरप और कैप्सूल फेंके गए थे। इन दवाओं को आसपास के लोग और कबाड़ी उठा ले गए। इसी तरह, 20 अक्तूबर 2012 को कैसरबाग के राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह के पास कूड़े के ढेर में दर्जनों दवाएं पाई गई थीं। इन दवाओं में से कुछ पर ‘बिक्री के लिए नहीं’ की मुहर भी लगी हुई थी। इसी तरह कई सरकारी अस्पतालों की दवाएं भी कूड़े के ढेर और नालों में पाई गईं।
पुलिस को कार्रवाई का अधिकार ः एफडीए के अधिकारियों के अनुसार आईपीसी में जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ धारा 268 और 269 में कार्रवाई का प्रावधान है। इसमें दोषियों को जेल भी भेजा जा सकता है। कुकरैल जंगल में दवा फेंकने के मामले में एफडीए ने कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी थी। इसके बाद क्या हुआ और क्या नहीं, इस बारे में न तो एफडीए के अधिकारियों को मालूम है और न ही पुलिस विभाग ने कोई कार्रवाई की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें