लखनऊ। हुसैनगंज क्षेत्र में एक दवा कंपनी के दो मैनेजरों ने सोमवार सुबह प्रतिनिधि (एमआर) को मीटिंग के बहाने ऑफिस बुलाया। थोड़ी देर बातचीत के बाद अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध पर धमकाने लगे। ऑफिस से निकली एमआर ने पुलिस चौकी में शिकायत की। आरोपियों को पकड़कर कोतवाली ले जाया गया। हालांकि थोड़ी देर बाद दोनों को छोड़ दिया गया। बाद में सीओ हजरतगंज के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, कानपुर की गोविंदनगर निवासी कल्पना (परिवर्तित नाम) दवा कंपनी में एमआर है। कंपनी के सेल्स मैनेजर देवेंद्र सिंह ने उसे सोमवार सुबह नौ बजे हुसैनगंज स्थित ऑफिस पहुंचने का आदेश दिया। उसने कहा कि एरिया मैनेजर रवींद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक होनी है। कल्पना सेल्स मैनेजर के बताए समय पर ऑफिस पहुंची। वहां सन्नाटा देख उसने फोन किया। थोड़ी देर बाद देवेंद्र व रवींद्र आ गए। उन्होंने अपने केबिन में बैठाकर काम के बारे में बातचीत शुरू की। इसके बाद अश्लील बातों के साथ छेड़खानी करने लगे। इरादे भांप कर कल्पना शोर मचाते हुए दफ्तर से निकली और थोड़ी दूर स्थित किला पुलिस चौकी में शिकायत की। चौकी इंचार्ज दोनों आरोपियों को हुसैनगंज कोतवाली ले गए। वहां थोड़ी देर कानाफूसी के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया और कल्पना से जांच के बाद कार्रवाई की बात कही।
घबराई कल्पना सीओ हजरतगंज दिनेश यादव के ऑफिस पहुंची। उन्हें आपबीती सुनाते हुए कार्रवाई की मांग की और पुलिस पर आरोपियों को छोड़ने का आरोप लगाया। सीओ के आदेश पर हुसैनगंज पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। एसआई राधेश्याम सिंह ने बताया कि तहकीकात की जा रही है। कल्पना का कहना है कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान भी दोनों अधिकारी कई बार उससे अभद्रता कर चुके हैं। उसे अपनी गाड़ी में साथ बैठाने या होटल में साथ ठहरने के लिए दबाव बनाते रहते हैं।