लखनऊ। राजधानी के लिए एनआरएचएम मद आया में एक करोड़ रुपए का बजट वापस होगा। वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन तक इस्तेमाल न होने की वजह से ऐसा हो रहा है। इसके अलावा बलरामपुर अस्पताल समेत विभिन्न अस्पतालों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को भुगतान की खूब चेक कटीं। चेकों के माध्यम से वर्ष भर होने वाली खरीद फरोख्त के बकाएदारों का भुगतान किया गया। बजट लैप्स होने के डर और बकाएदारों का भुगतान करने के लिए वित्तीय लेखाजोखा के क्लर्क के साथ ही अधिकारी भी देर रात तक दफ्तरों में जुटे रहे। दूसरी तरफ खर्च के अभाव में विभिन्न अस्पतालों द्वारा एनआरएचएम का बजट उपयोग न होने के चलते वापस कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के केन्द्रीय औषधि क्रय विभाग (सीएमएसडी), सीएमओ कार्यालय समेत विभिन्न अस्पतालों में बीते तीन दिनों से केवल भुगतान करने का काम किया जा रहा है। शनिवार को भी बलरामपुर एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में विभिन्न मदों में करोड़ों के भुगतान की चेक काटकर बकाएदारों का भुगतान किया गया। हालांकि भुगतान का काम रविवार को भी होगा। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. टीपी सिंह ने बताया कि विभिन्न मदों में एनआरएचएम से मिलने वाले बजट में लगभग एक करोड़ रुपरए का बजट वापस किया जा रहा है। देर से बजट मिलने के कारण यह रकम खर्च नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि एनआरएचएम बजट में वर्ष 2011-12 के बजट का शेष 26 लाख रुपया वापस किया गया है। ये बजट साफ-सफाई एवं लांड्री के मद का है। इसके अलावा जून 2013 में अंधता निवारण कार्यक्रम अंतर्गत आई ओटी के उपकरण खरीद एवं मरम्मत के लिए मिलने वाले 66 लाख रुपए का बजट वापस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जून में बजट आ गया था लेकिन खर्च करने की अनुमति नवंबर में मिली, जिसके कारण बजट खर्च नहीं हो सका। इसी मद में तीन दिन पूर्व आने वाला 23 लाख रुपया भी वापस भेजा जा रहा है।