लखनऊ। आवास विकास परिषद अपनी बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में प्री-फैब्रीकेटेड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगा। इसके बाद जिस अपार्टमेंट को बनाने में अभी तीन साल का समय लगता है, वह एक साल में ही तैयार हो जाएगा। शनिवार को आवास विकास परिषद की बोर्ड बैठक में इस आधुनिक तकनीक को अपनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा मई में अवध विहार योजना में फिर से 1500 ईडब्ल्यूएस व एलआईजी और 1500 स्ववित्त पोषित योजना के फ्लैटों के लिए पंजीकरण खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। प्रमुख सचिव आवास की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक के बाद आवास आयुक्त रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अवध विहार योजना में स्ववित्त पोषित योजना के तहत मंदाकिनी एंक्लेव के 750 फ्लैट और भागीरथी एंक्लेव के 780 फ्लैटों के लिए क्रमश: 23,408 लाख व 29,201 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति के प्रस्ताव को बोर्ड ने पास कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया का काम पूरा करने के बाद मई तक निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। वृंदावन योजना 2,3 व 4 में एसटीपी निर्माण के लिए भी प्रस्ताव पेश किया गया। इस पर निर्णय लिया कि नगर विकास विभाग से तालमेल कर जेएनएनयूआरएम में 600 एमएलडी एसटीपी का निर्माण कराया जाए।
भूकंप रोधी भी है प्री फै ब्रीकेटेड तकनीक ः आवास आयुक्त ने बताया कि परिषद बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में अभी शियरवाल तकनीक का प्रयेाग कर रही है, लेकिन प्री फै ब्रीकेटेड तकनीक का चलन तेजी से बढ़ा है। यह 10 प्रतिशत महंगी है मगर योजना का काम कम समय में पूरा हो जाता है। यह तकनीक भूकंप रोधी भी है और मुंबई व आंध्र प्रदेश में काफी लोकप्रिय है। इसके प्रयोग में कोई खतरा नहीं है।
हरदोई रोड पर जल्द आएगी योजना ः हरदोई रोड पर आम्रपाली योजना से लगी करीब 2700 एकड़ जमीन पर योजना शुरू करने की योजना है। इसे लेकर परिषद जल्द ही जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा करेगी। इसी तरह सुलतानपुर रोड पर डीएलएफ तक विस्तार की तैयारी है। इसके लिए परिषद ने सर्वे का काम शुरू कर दिया है। इस बारे में आवास आयुक्त ने कहा कि हरदोई रोड पर पूर्व सरकार में योजना लाने का प्रस्ताव तैयार हुआ था मगर बाद में उच्च स्तर पर रोक दिया गया। अब एक बार फिर इस प्रस्ताव को अमली जामा पहनाने का प्रयास किया जा रहा है। सुलतानपुर रोड पर परिषद विस्तार करेगी।
मेट्रो विस्तार के लिए बजट प्रस्ताव का अनुमोदन ः बोर्ड बैठक में मेट्रो रेल परियोजना के द्वितीय चरण में दिलशाद गार्डन नई दिल्ली से नया बस अड्डा गाजियाबाद तक मेट्रो विस्तार के लिए पूर्व में पारित 322.40 करोड़ रुपए के बजट प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। यह पैया परिषद इंफ्रास्ट्रक्चर मद से देगी। इसी तरह फील्ड कर्मचारियों को छठे वेतनमान का लाभ देने के लिए पिछली बोर्ड बैठक में पास किए प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। इसके अलावा परिषद अधिकारियों के नीलामी मंजूरी के वित्तीय अधिकार में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी पास किया गया।
परिषद मनाएगी 46वां स्थापना दिवस ः आवास विकास परिषद का 46वां स्थापना दिवस आगामी छह अप्रैल को मनाया जाएगा। इस मौके पर आवास विकास परिषद कुछ शहरों के लिए नई आवासीय योजनाओं की शुरुआत की घोषणा भी कर सकता है। आवास आयुक्त रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस पर कानुपर सहित कुछ शहर में नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।