लखनऊ। प्रदेश सरकार की लैपटॉप वितरण योजना का लाभ लेेने के लिए राजधानी से करीब 11 हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। करीब 22 हजार आवेदन कतार में हैं। ये सभी आवेदन राजधानी के करीब 55 उच्च शैक्षिक संस्थानों से प्राप्त हुए हैं। हालांकि, कई शैक्षिक संस्थानों पर आवेदन प्रक्रिया में सहयोग न देने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
सरकार की लैपटॉप वितरण योजना के लिए राजधानी के कुल 51,424 छात्र-छात्राओं को पात्र माना गया है। इसमें सदर तहसील से 45,116, बीकेटी से 2,247, मलिहाबाद से 3,117 और मोहनलालगंज से 944 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अभी तक प्राप्त आवेदनों के मुताबिक 11 हजार छात्र-छात्राओं के आवेदन पूरे हो चुके हैं जबकि सूचनाएं पूरी न होने के कारण करीब 22 हजार आवेदन अभी तक अटके पड़े हैं। डीएवी कॉलेज से फॉर्म न मिलने की शिकायतें हैं।