लखनऊ। इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली राज्य प्रवेश परीक्षा-2013 (एसईई-2013) के लिए ऑनलाइन आवेदन बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे से किए जा सकेंगे। परीक्षा के आयोजक जीबीटीयू ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ऑफलाइन फॉर्म प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य डाकघरों से शुक्रवार से मिलने शुरू हो जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन 21 मार्च तक किए जा सकेंगे जबकि उसका कन्फर्मेशन पेज 25 मार्च तक जीबीटीयू को भेजना होगा। एसईई के माध्यम से बीटेक, बीआर्क, बीफार्मा, होटल मैनेजमेंट, एमबीए, एमसीए आदि पाठ्यक्रमों की लगभग 1.80 लाख सीटों पर दाखिले होने हैं। एमबीए, एमसीए एवं एमएएम के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन का ही विकल्प होगा। सामान्य एवं ओबीसी के लिए आवेदन का शुल्क एक हजार जबकि एससी/एसटी संवर्ग व छात्राओं के लिए 500 रुपए शुल्क तय है।
ऐसी होगी ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
अभ्यर्थी को एसईई की वेबसाइट www.upsee.nic.in पर जाना होगा। यहां शुल्क जमा करने के दो विकल्प होंगे। पहला बैंक चालान के जरिए और दूसरा क्रेडिट/डेबिट कार्ड व इंटरनेट बैंकिंग से जरिए। बैंक चालान के जरिए भुगतान के लिए अभ्यर्थियों को पहले पूरा फॉर्म भरना होगा। उसके बाद एक रजिस्ट्रेशन नंबर और चालान जनरेट होगा, जिसके माध्यम से बैंक में शुल्क जमा हो सकेगा। बैंक द्वारा दिया गया ट्रांजेक्शन नंबर फिर से वेबसाइट पर डालने के बाद कन्फर्मेशन पेज जनरेट होगा। इसका प्रिंट लेकर उस पर अभ्यर्थी को अपना फोटो चिपकाना होगा और बैंक चालान की फोटोकॉपी के साथ जीबीटीयू को भेजना होगा। क्रेडिट/डेबिट कार्ड से भुगतान करने वाले अभ्यर्थी का कन्फर्मेशन पेज तुरंत जनरेट हो जाएगा। इसका प्रिंट भी जीबीटीयू भेजना होगा। किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी helpdesk.upsee@nic.in पर मेल कर सकते हैं।