लखनऊ। माल थाना क्षेत्र में आलू के पौधे उखाड़ने को लेकर विवाद में एक युवक ने अपने बुजुर्ग पिता को थप्पड़ जड़ दिए। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव के लिए दौड़े। इस बीच, अपमान से क्षुब्ध बुजुर्ग कलेजा थामकर गिर गया। दूसरे बेटे व बहू इलाज के लिए उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए जवाब दे दिया। परिवार वाले उसे घर ले गए और थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव गुलाल खेड़ा निवासी लक्ष्मण प्रसाद लोधी (75) शनिवार सुबह अपने बेटे शिवकुमार के खेत से आलू के पौधे उखाड़ रहे थे। इस बीच, मौके पर पहुंचे शिवकुमार ने पिता को डांटते हुए पौधे उखाड़ने से मना किया। बुजुर्ग लक्ष्मण बेटे की डांट-फटकार सुनते ही तिलमिला उठे और बड़बड़ाते हुए तेजी से पौधे उखाड़ने लगे। कहासुनी बढ़ने पर शिवकुमार ने पिता को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और लक्ष्मण के दूसरे बेटे विष्णु कुमार व उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे। सभी ने बीच-बचाव किया। गांववालों के सामने बेटे द्वारा थप्पड़ मारने का अपमान लक्ष्मण प्रसाद नहीं झेल सका। उसके सीने में तेज दर्द उठा और कलेजा थामकर गिर गया। विष्णु उसे एक डॉक्टर के पास ले गया। डॉक्टर ने हालात नाजुक बताते हुए जवाब दे दिया। परिवार के लोग लक्ष्मण को अन्य अस्पताल ले जाने के बजाय घर ले गए। वहां शाम छह बजे लक्ष्मण की मौत हो गई। इस पर विष्णु कुमार ने शिवकुमार पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।