लखनऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध विद्यालयों के संगठन सहोदय ने नौवीं और दसवीं कक्षाओं की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। राजधानी में दसवीं की होम परीक्षाओं की शुरुआत 16 मार्च से होगी। वहीं, नौवीं की परीक्षाओं की शुरुआत नौ मार्च से की जाएगी। इस कार्यक्रम के संबंध में अंतिम फैसला विद्यालयों पर छोड़ा गया है। सीबीएसई की ओर से नौवीं और दसवीं (होम) के सम्मेटिव असेसमेंट-टू के कार्यक्रम निर्धारण की जिम्मेदारी सहोदय और विद्यालयों को सौंपी गई थी। इसके तहत राजधानी के सीबीएसई स्कूलों के लिए परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। यहां दसवीं की होम परीक्षाओं की शुरुआत 16 मार्च से होगी। पहले दिन शनिवार को गणित की परीक्षा आयोजित होगी। दूसरी परीक्षा मंगलवार 19 मार्च को विज्ञान थ्योरी, 21 मार्च को अंग्रेजी, 23 को हिंदी कोर्स ए और 25 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। उधर, नौवीं कक्षा की परीक्षाओं की शुरुआत नौ मार्च से होगी। पहले दिन शनिवार को गणित की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 12 मार्च को सामाजिक अध्ययन, 14 को हिंदी कोर्स-ए, 16 को अंग्रेजी और 19 मार्च को विज्ञान थ्योरी की परीक्षा होगी।
सीबीएसई-पीएसए 16 फरवरी को ः राजधानी में सहोदय के सचिव डॉ. जावेद आलम खान ने बताया कि सभी विद्यालयों में सीबीएसई-प्रॉब्लम सॉल्विंग असेसमेंट का आयोजन 16 फरवरी को किया जाएगा। नौवीं व दसवीं कक्षा के सभी बच्चों को इस परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। पीएसए का प्रश्नपत्र 90 अंकों का होगा। इसमें पूछे जाने वाले सभी 60 सवाल बहु विकल्पीय होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को बोर्ड की ओर से एक प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा। आयोजन विद्यालय स्तर पर होगा, लेकिन इसका मूल्यांकन सीधे बोर्ड से ही किया जाएगा।