लखनऊ। एक व्यापारी की लाखों रुपए के सोने के गहनों पर भी नीयत नहीं डोली। ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए उसने गहनों से भरे बैग को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मालिक को सौंपे जाने तक बैग व्यापारी को अपने पास ही रखने को कहा है।
बाजारखाला इंस्पेक्टर जेपी सिंह ने बताया कि बैग गणेशगंज निवासी दीपक वर्मा का है। दीपक 18 जनवरी को बुलाकी अड्डा स्थित एक सेनेटरी की दुकान पर बैग भूल गए थे। दुकान मालिक दाऊ दयाल अग्रवाल ने बताया कि दुकान बंद करने के दौरान उनके पिता रमेश चंद्र अग्रवाल की नजर बैग पर पड़ी तो उन्होंने दुकान में ही रख दिया। अगले दिन जब रमेश ने बैग खोला तो उसमें सोने की कई अंगूठियां व 30-40 जोड़ी झुमकियां थीं। जानकारी होने पर दाऊ ने पुलिस को सूचित किया। इस बीच खुद भी बैग चेक किया तो उसमें दीपक वर्मा का पता व मोबाइल नंबर मिला। खोया बैग मिलने की सूचना पर दीपक ने बुधवार को दाऊ से मिलकर बैग अपना होने के सबूत दिए। दीपक ने बताया कि पारा स्थित शिवपुरम में उसकी सराफा की दुकान है और बैग में करीब पांच लाख के जेवर थे। बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे पुलिस की मौजूदगी में दीपक को गहने से भरा बैग सौंपा जाएगा।