लखनऊ। करीब 52 करोड़ रुपए की अवस्थापना निधि में से दो करोड़ के विकास कार्य महापौर की सिफारिश पर होंगे। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में 29 दिसंबर को हुई बैठक में अवस्थापना निधि से कराए जाने वाले कामों की सूची को मंजूरी मिल गई है। इसमें 299 काम शामिल किए गए हैं, जिसमें सबसे अधिक राशि महापौर की संस्तुति पर कराए जाने वाले कार्यों के लिए आवंटित की गई है। दूसरे नंबर पर एक करोड़ रुपए कश्मीरी मोहल्ले को सड़क, नाली व गलियों के सुधार कार्य के लिए मिले हैं।
मंडलायुक्त की मंजूरी के बाद मुख्य अभियंता की ओर से सभी जोनों के नगर अभियंताओं को सूची जारी कर दी गई है ताकि वे अपने-अपने जोनों में कराए जाने वाले विकास कार्यों की तैयारी शुरू कर दें। किस-किस जोन में कितनी लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे, यह भी तय हो गया है। अभियंताओं को काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि महापौर की संस्तुति पर कौन-कौन से कार्य कराए जाएंगे, इसका उल्लेख नहीं किया गया है। मुख्य अभियंता तरुण कुमार शर्मा का कहना है कि मंडलायुक्त के यहां से कार्यों की सूची मंजूर होकर आ गई है। इसे जोनल अभियंताओं को भेज भी दिया गया है। जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराए जाएंगे।
अवस्थापना की सूची में शामिल प्रमुख कार्य
कार्य राशि (रुपए)
कश्मीरी मोहल्ले की गलियों/सड़कों व नालियों का सुधार कार्य- एक करोड़
विनम्र खंड-तीन में एमिटी विश्वविद्यालय रोड से 3/205 होते हुए 3/368 तक जोनल रोड का सुधार कार्य-67.01 लाख
चारबत्ती चौराहा से छत्ते वाले पुल तक जगत नरायन रोड का सुधार-62.51 लाख
विद्यावती प्रथम वार्ड में सेक्टर-आई ईडब्ल्यूएस मकानों के सामने पार्क का कार्य-51 लाख
बालू अड्डा से पराग डेयरी तक सड़क सुधार-48.1 लाख
खरिका में खान मार्केट से विनायकी मोड़ तक सड़क पुनर्निर्माण कार्य-44.5 लाख
निराला नगर में उत्सव गेस्ट हाउस के सामने से होते हुए शंकर नगर चौराहे से जेसी गेस्ट हाउस तक सड़क सुधार कार्य-40.5 लाख
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से डिवाइडर रोड तक शेष भाग का सुधार कार्य-40.5 लाख
रकाबगंज चौराहे से अमीनाबाद चौराहे तक फुटपाथ पर नाली सुधार कार्य-34.9 लाख
भानुमति चौराहे से लाटूश रोड तक सड़क सुधार-30.12 लाख