लखनऊ। सीतापुर हाईवे पर भोलापुरवा गांव के पास शुक्रवार दोपहर हादसे में घायल अधेड़ डेढ़ घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा। इस दौरान एक राहगीर ने कई बार 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन मदद के लिए एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया तब उसे इलाज मिल सका। अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी है। बीकेटी इलाके में भोलापुरवा गांव के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों पर सवार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में नगुवामऊ निवासी दूध व्यापारी हामिद अली व नंदना निवासी किसान लल्लूराम रावत घायल हो गए। हामिद अली को तो मामूली चोट आई, जबकि लल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए और डेढ़ घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। इस दौरान एक राहगीर ने 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया, लेकिन मदद नहीं मिली। कई प्रयासों के बाद उसका पुलिस से संपर्क हुआ। इसके बाद पुलिस थाने की जीप से घायल अस्पताल पहुंचाया गया। लल्लू की हालत खराब बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। वहीं, बीकेटी के चंद्रिकादेवी मोड़ के पास बृहस्पतिवार रात बाइक सवार बीकामऊ खुर्द निवासी किसान मुन्ना सिंह को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों व दुकानदारों ने कई बार 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया। लेकिन एक घंटे बाद भी समाजवादी स्वास्थ्य सेवा की एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में बीकेटी थाने की जीप ने गंभीर हालत में किसान मुन्ना को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां किसान की हालत नाजुक बनी हुई है। शुक्रवार को क्षेत्र के कुम्हरावां रोड पर भैंसामऊ गांव के सामने बाइक व पिकप की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों ने पांचों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
खराब पड़ी एंबुलेंस ः प्रदेश सरकार के द्वारा बीकेटी इलाके को दी गई समाजवादी स्वास्थ्य सेवा की एंबुलेंस एक पखवारे पहले मरीज को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराकर वापस लौटते समय मड़ियांव इलाके के भिठौली गांव के पास दुघर्टनाग्रस्त होकर खराब हो गई थी। तब से मरम्मत न होने के कारण यह खराब पड़ी है और बीकेटी इलाके में जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों से समाजवादी स्वास्थ्य सेवा की एंबुलेंस आती है।