लखनऊ। शुक्रवार रात पड़े घने कोहरे के कारण शनिवार को भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते यात्रियों को घंटों स्टेशन और रास्ते में बिताने पड़े। दिल्ली व अन्य रेलखंडों से लखनऊ आने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से आई। वहीं यहां से जाने वाली कई ट्रेनें भी विलंब से रवाना हुई। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी दोपहर 3.35 के स्थान पर रात 7.30 बजे रवाना हो सकी। इसके कारण शताब्दी के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के चलते शनिवार को कैफियत एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शनिवार की सुबह धूप खिलने से लंबी रूट की ट्रेनों की समयसारिणी थोड़ी सुधरी है लेकिन शुक्रवार की रात अत्यधिक कोहरा गिरने के कारण शनिवार सुबह तक ट्रेनें काफी धीमी रफ्तार से चली। विलंब से लखनऊ पहुंचने वाली ट्रेनाें में पंजाब मेल पांच घंटे, अर्चना एक्सप्रेस ढाई घंटे, दून एक्सप्रेस तीन घंटे, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे, लोहित एक्सप्रेस आठ घंटे, गोमती एक्सप्रेस छह घंटे, वैशाली एक्सप्रेस साढ़े पंद्रह घंटे, बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस सवा पांच घंटे, चंडीगढ़ एक्सप्रेस दस घंटे, लखनऊ मेल ढाई घंटे और स्वर्ण शताब्दी साढ़े पांच घंटे विलंब से पहुंची।
दो विमानों का संचालन रहा निरस्त ः लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो व जेट विमान का संचालन शनिवार को निरस्त रहा। इंडिगो की विमान संख्या 6 ई-444 और जेट की विमान संख्या 9 डब्ल्यू-2244 निरस्त रही। अन्य विमानों से यात्रियों को दिल्ली व अहमदाबाद भेजा गया। एयरलाइंस कर्मियों के मुताबिक दिन में धूप खिलने से विमानों का संचालन कुछ सामान्य हुआ। हालांकि दिल्ली, मुंबई व कोलकाता से आने वाले विमानों की लैंडिंग शनिवार की सुबह 11 बजे के बाद होनी शुरू हो गई थी। फिर भी देर शाम तक गो, इंडिगो, एयर इंडिया व जेट के विमानों का संचालन एक से डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा।