फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्लेन में पकड़ा सवा तीन किलो सोना

Sat, 17 Nov 2012 12:00 PM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 3.3 किलो सोने के साथ चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया। इनमें एक श्रीलंकाई नागरिक मोहम्मद जमीद है। वह शारजाह से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 907 से सोना लेकर आया था। श्रीलंकाई नागरिक के तमिल भाषी होने के कारण उससे राज उगलवाने में अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तमिल भाषा के जानकार की मदद से देर शाम तक उससे पूछताछ जारी थी। श्रीलंकाई नागरिक के अलावा पकड़े गए जेहान, हामिद, मोहम्मद नजरीन ने बताया कि सोने को चारों में वितरित करने के बाद दिल्ली में एक व्यक्ति को देना था। बरामद सोने की कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन

कस्टम अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया की शारजाह से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट लखनऊ होकर जाती है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे को लखनऊ में यह फ्लाइट लैंड हुई। तभी तीन संदिग्ध यात्री विमान में दिल्ली जाने के लिए चढ़े। ये यात्री विमान में पहले से मौजूद श्रीलंकाई यात्री के पास बैठे और श्रीलंकाई यात्री ने इशारा समझकर एक पैकेट उन्हें सौंप दिया। यह देख क्रू स्टाफ को शक हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी कस्टम अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची कस्टम टीम ने चारों से पूछताछ करनी चाही तो तस्करों ने उन्हें अर्दब में लेने की कोशिश की। कुछ सवालों का जवाब न मिलने पर टीम को शक हुआ और उन्होंने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान यात्रियों ने जबरदस्त विरोध किया, लेकिन उनकी एक न चली। तलाशी में यात्रियों के पास से 3.3 किलो सोना बरामद हुआ। इसके बाद चारों यात्रियों को पूछताछ के लिए कस्टडी में ले लिया गया। लखनऊ से चढ़े यात्रियों ने अपना नाम जेहान, हामिद, मोहम्मद नजरीन बताया है। अधिकारी इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि श्रीलंकाई युवक पहली बार विदेश से सोना लाया है या पहले भी तस्करी कर चुका है।

दस का आधा नोट दिखाने वाले को देना था सोना : पूछताछ में तस्करों ने बताया कि दिल्ली स्थित एक धार्मिक स्थल पर एक व्यक्ति उन्हें दस रुपये का आधा नोट दिखाता, तब वे यह सोना उसे सौंप देते। इसके एवज में उन्हें लाखों रुपये मिलते। कस्टम अधिकारियों ने दिल्ली टीम को पूरी घटना से अवगत करा दिया है। अब दिल्ली टीम ने भी वहां के तस्करों तक पहुंचने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
विज्ञापन


शारजाह एयरपोर्ट पर साठगांठ करके लाया सोना : किसी भी विमान में इतनी अधिक मात्रा में सोना लेकर चलना एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाता है। लखनऊ एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था फूल प्रूफ होती है। सुरक्षा एजेंसियां यात्री के लगेज व हैंड बैग की अच्छी तरह से जांच करती हैं। शेड्यूल होल्डिंग एरिया में भी यात्री की तलाशी होती है। ऐसे में अगर कर्मचारियों के बीच कोई साठगांठ नहीं है तो यात्री तीन किलो क्या तीन सौ ग्राम सोना लेकर भी नहीं जा सकता है। कस्टम अधिकारियों का अनुमान है कि शारजाह एयरपोर्ट पर साठगांठ करके यात्री सोना लेकर विमान में बैठा होगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें