शादी का झांसा देकर युवक पांच साल तक महिला से दुष्कर्म करता रहा। महिला के शादी की जिद करने पर आरोपी उसकी मासूम बच्ची को उठा ले गया और 50 हजार रुपये में बेच दिया।
यहीं नहीं आरोपी की एक रिश्तेदार हमदर्दी दिखाकर पीड़िता को अपने साथ ले गई, लेकिन उसने भी महिला का सौदा करने की कोशिश की। तब महिला किसी तरह भागकर बहादुरगढ़ थाने पहुंची। मामला उत्तरप्रदेश के हापुड़ जनपद की तहसील गढ़मुक्तेश्वर का है।
थाना बहादुरगढ़ पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पांच साल पहले वह दिल्ली जा रही थी, स्टेशन पर गढ़ का एक युवक मिला। वह शादी का झांसा देकर उसे अपने घर ले आया।
महिला का आरोप है कि युवक 5 साल तक उसका यौन शोषण करता रहा। जबकि उसने शादी की जिद पकड़ी तो वह आठ वर्षीय बच्ची को अगवा कर ले गया। जिसे उसने एक माह पहले 50 हजार रुपये में बेच दिया। उसी दौरान आरोपी की एक रिश्तेदार घर पहुंची, वह हमदर्दी का दिखावा कर उसे अपने साथ ले गई।
आरोप है कि कुछ दिन बाद ही वह महिला उसे एक लाख रुपये में बेचने के मकसद से नोएडा के कुछ लोगों से सौदेबाजी करने लगी। भनक लगते ही पीड़िता भागकर थाने पहुंची।
महिला की तहरीर के आधार पर उसे बेचने की साजिश करने वाली महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यौन शोषण और बच्ची को बेचने के मामले में पीड़िता को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां महिला के बयान दर्ज किए गए।