कड़ाके की ठंडक का असर जिलों में राहत से जुड़े कार्यों पर साफ देखा जा सकता है। जिलाधिकारियों ने ठंड से राहत के लिए अतिरिक्त धनराशि की मांग शुरू कर दी है। सरकार ने लखनऊ और फैजाबाद सहित आधा दर्जन जिलों के लिए 33 लाख रुपये और जारी कर दिये हैं।
विज्ञापन
प्रदेश सरकार ने कड़ाके की ठंड से निर्बल परिवारों, घर विहीन लोगों, निराश्रितों तथा असहाय व कमजोर वर्ग के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राशि आवंटित की थी। इसके लिये हर तहसील को कंबल के लिए पांच लाख रुपये व अलाव के लिए 50-50 हजार रुपये का आवंटन किया गया था। साथ ही विस्तृत दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं।
इधर ठंडक ज्यादा बढ़ी तो जिलों से अतिरिक्त धनराशि की मांग शुरू हो गई। सूत्रों ने बताया कि करीब एक दर्जन जिलों से अलाव, अस्थायी रैनबसेरा और कंबल आदि की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त धनराशि की मांग की जा चुकी है। इनमें फैजाबाद, गाजियाबाद, लखनऊ, महराजगंज, पीलीभीत और बलिया को अतिरिक्त बजट भी आवंटित कर दिया गया है। अन्य के संबंध में कार्यवाही की जा रही है।