ज्ञानपुर। विधायक विजय मिश्र ने कहा कि आम लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बेलहुआं, अकोढ़ा समेत चार स्थानों पर नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। डीएम की संस्तुति के बाद सीएमओ ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। नौ गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। वह सोमवार को जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता के लिए जनता का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री के सहयोग से हर वर्ग का विकास हो रहा है। प्रकाश की व्यवस्था के लिए 50 हाईमास्ट लाइट की मंजूरी मिल गई है। उसे धनतुलसी, सेमराध, कटरा बाजार, जंगीगंज, इनारगांव, सुभाषनगर, दानूपुर समेत अन्य तिराहे और चौराहे पर स्थापित किया जा रहा है। 50 सोलर पंप भी जारी हुए हैं, जिसे जरूरतमंदों को दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में लोगों की समस्याओं को देखते हुए डीघ के बेलहुआं, कटरा में सामुदायकि स्वास्थ्य केंद्र और अभोली के चकगुमानी और अकोढ़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे। जमीन की तलाश के बाद शासन को पत्र भेज दिया गया है। धन आते ही निर्माण शुरू हो जाएगा। धीरपुर बैदा, पूरे बहुरिया में 25 केवीए के स्थान पर 63 केवीए जबकि सीखापुर, कलातुलसी, सूफीनगर, तुलसीपट्टी, दरवांसी, सुजातपुर में 63 केवीए के ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराकर 100 केवीए के ट्रांसफार्मर लगवाए जा रहे हैं। कहा कि 115 में से 72 लोहिया गांव और नौ जनेश्वर मिश्र गांव ज्ञानपुर विधानसभा को मिले हैं। 12 और जनेश्वर मिश्र गांव चयन के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या से निपटने के लिए जरूरत पड़ी तो 50 से 100 नए ट्रांसफार्मर दिए जाएंगे।