इंग्लैंड और स्पेन के बीच रविवार की देर रात यूएफा यूरोपियन चैंपियनशिप (यूरो कप) का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जहां स्पेन की नजरें अपना रिकॉर्ड चौथा खिताब जीतने पर लगी होंगी, जबकि इंग्लैंड 58 साल का खिताबी सूखा समाप्त करना चाहेगा। इंग्लैंड की टीम 1966 विश्व कप खिताब के बाद अपनी पहली बड़ी ट्रॉफी जीतने उतरेगा। स्पेन की टीम 1964, 2008 और 2012 में चैंपियन रही है।
टूर्नामेंट में अजेय चल रही है स्पेन की टीम
स्पेन और जर्मनी ने तीन तीन यूरो खिताब जीते हैं और रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ मैच में स्पेन का पलड़ा भारी होगा। स्पेन की टीम टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी मैच जीतने में सफल रही है। टीम पिछले कुछ समय से शानदार लय में है। उसने पिछले साल जून में यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता था। दूसरी तरफ इंग्लैंड ने यूरो 2024 में नॉकआउट चरण के अपने तीनों मैचों को पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीता है। अंतिम 16 में स्लोवाकिया के खिलाफ 25वें मिनट में 0-1 से पिछड़ने के बाद स्टॉपेज टाइम में चार मिनट के अंदर हैरी केन और जूड बेलिंगहैम के गोल से इंग्लैंड जीत दर्ज करने में सफल रहा। क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड के खिलाफ 80वें मिनट में टीम ने बुकायो साका के गोल से बराबरी की और फिर पेनाल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में नीदरलैंड के खिलाफ स्थानापन्न ओली वाटकिंस ने 90वें मिनट में विजयी गोल किया।
लामाइन यमल पर रहेंगी नजरें
लामाइन यमल स्पेन के लिए तुरुप का इक्का साबित हुए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में तीन बार गोल के मौके बनाए और फिर सेमीफाइनल में फ्रांस के खिलाफ अपना पहला गोल किया। 17 वर्ष के यमल इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। यमल के लिए यह टूर्नामेंट वैसा ही रहा है जैसा कि 2018 विश्व कप में फ्रांस के काइलियान एमबाप्पे और 1958 विश्व कप में 17 साल के पेले के लिए था।
स्पेन 12 साल बाद किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में
स्पेन 12 साल के बाद किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है। टीम ने अपना पिछला फाइनल यूरो 2012 में इटली के खिलाफ खेला था। टीम ने तब इटली को 4-0 से करारी शिकस्त देकर खिताब जीता था। इंग्लैंड की टीम यूरो 2020 के फाइनल में पहुंची थी। कोरोना वायरस महामारी के कारण 2021 में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में उसे इटली ने पेनाल्टी शूटआउट में हराया था।
नेशंस लीग 2018 के बाद पहली बार आमने-सामने होंगे इंग्लैंड और स्पेन
इंग्लैंड और स्पेन की टीम छह साल के अंतराल पर एक दूसरे का सामना करेगी। दोनों ने 2018 नेशंस लीग में डबल-हेडर खेला था, जिसमें स्पेन ने वेम्बली स्टेडियम में 2-1 से जीत दर्ज की और इंग्लैंड ने एक महीने बाद सेविला में 3-2 से जीत दर्ज की थी। यूरो 2024 में छह खिलाड़ी टूर्नामेंट के सबसे अधिक तीन गोल पर हैं और इनमें दो फाइनल में खेल रहे हैं। इसमें इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन और स्पेन के डानी ओल्मो शामिल है।