पेरिस ओलंपिक का उद्घाटन समारोह सीन नदी के किनारे हुआ था जिसे लेकर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन अब इस नदी के पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पानी की गुणवत्ता की चिंताओं के कारण मंगलवार को होने वाली पुरुष ओलंपिक ट्रायथलॉन को स्थगित कर दिया गया है। सीन नदी पर इस खेल की तैराकी स्पर्धा का आयोजन किया जाना है।
आयोजकों ने कहा कि वे पुरुषों की ट्रायथलॉन को बुधवार को आयोजित करने का प्रयास करेंगे। महिलाओं की प्रतियोगिता भी बुधवार को निर्धारित है, लेकिन इन दोनों का आयोजन पानी की गुणवत्ता पर निर्भर करेगा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार, बुधवार और गुरुवार की शाम को तूफान आ सकता है जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। भारी बारिश के कारण आमतौर पर सीन नदी में बैक्टीरिया का स्तर बढ़ जाता है। शुक्रवार को ओलंपिक उद्घाटन समारोह के दौरान पेरिस में भारी बारिश हुई थी और शनिवार को भी बारिश जारी रही। सीन नदी में पानी की गुणवत्ता की चिंता के कारण ही रविवार और सोमवार को ट्रायथलॉन के अभ्यास सत्र रद्द करने पड़े थे।
फ्रांस के खेल मंत्री ने क्या कहा?
फ्रांस की खेल मंत्री अमेली औडिया-कैस्टेरा ने सोमवार को स्थानीय समाचार चैनल सीएनईडब्ल्यूएस को बताया कि अधिकारी इस आयोजन को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने कहा कि नदी में बैक्टीरिया के स्तर को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने जो योजनाएं बनाई हैं वे प्रभावी रही हैं, लेकिन मौसम उनके नियंत्रण से बाहर है।
क्या तैराकी के लायक नहीं थी नदी?
सीन नदी की सफाई में तमाम प्रयासों के बावजूद, अंतिम समय में ओलंपिक आयोजक इसे अस्थायी रूप से बदलना चाहते थे। दरअसल, ओलंपिक खेलों के शुरू होने से चंद दिन पहले परीक्षण के दौरान नदी में बैक्टीरिया के असुरक्षित स्तर का पता चला। इस बीच, पेरिस के अधिकारियों ने रिपोर्ट में बताया कि 24 जून से 2 जुलाई तक नौ में से छह दिन नदी तैराकी के लायक थी।