दो साल के लंबे अंतराल के बाद फिर से जोड़ी बनाने वाले भारत के रोहन बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी की इंडो पाक एक्सप्रेस के नाम से मशहूर जोड़ी चेन्नई ओपन एटीपी टूर्नामेंट में अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला हारकर बाहर हो गई।
टॉप सीड बोपन्ना और कुरैशी की जोड़ी को वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाए भारत के साकेत मिनेनी और रूस के कारेन काचानोव ने 7-5, 2-6, 12-10 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
सिंगल्स में एकमात्र भारतीय उम्मीद बचे यूकी भांबरी भी क्वार्टर फाइनल में हार गए। यूकी को पांचवीं सीड कनाडा के वासेक पोसपिसिल ने आसानी से 6-3, 6-3 से हराया।
इस बीच टॉप सीड स्विट्जरलैंड के स्टानिस्लास वावरिंका और सातवीं सीड फ्रांस के एडवर्ड रोजर वेसेलिन ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में स्थान बना लिया।
वावरिंका ने स्लोवेनिया के एल्जाज बेदेने को 6-2, 6-1 से हराकर एकतरफा जीत हासिल की। सिंगल्स में वावरिंका के करियर की यह 300वीं जीत थी। रोजर वेसेलिन ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में इस्राइल के डूडी सेला को 7-5, 6-7, 6-0 से हराया।